आगरा में घर के बाहर लगे काले-झंडे पुलिस ने उतरवाए:विकास कार्य न होने से नाराज लोगों ने किया था विरोध, नगर निगम ने दिया आश्वासन
आगरा में जनकपुरी में विकास कार्यों को लेकर घरों में काले झंडे लगाने के बाद प्रशासन नींद से जागा। नगर निगम के अधिकारियों ने विरोध कर रहे लोगों से फोन पर बात की। पुलिस ने झंडे उतरवाए। आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी क्षेत्रों में विकास कार्य होंगे। लोगों ने आश्वासन के बाद काले झंडे उतार लिए।
सोमवार को कोठी मीना बाजार में सज रहे जनक महल के ठीक सामने लाडली कटरा के लोगों ने अपने घरों पर काले झंडे लगा लिए थे। लोगों का कहना था कि कार्यक्रम स्थल से पृथ्वीनाथ फाटक कई किलोमीटर दूर है। रूई की मंडी भी दूर है। इसके बावजूद वहां गलियां बन रही हैं। लाइट लग रही हैं। निर्माण और मरम्मत कार्य हो रहे हैं। लाडली कटरा कोठी मीना बाजार मैदान के ठीक सामने है।
यहां अब तक एक लाइट भी नहीं लगी है। गलियां खोद दी गई हैं। हमारी शिकायतों की सुनवाई ही नहीं हो रही है। नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल को इसका जवाब देना होगा। क्षेत्रीय लोगों के साथ भेदभाव हो रहा है। 250 से ज्यादा की आबादी सिर्फ मुख्य सड़क पर है। 30 से ज्यादा घरों में काले झंडे लगाए गए थे।