ताजमहल के मुख्य गुंबद पर उगा पौधा:पर्यटकों ने बनाए वीडियो, तीन दिन पहले टपका था मुख्य गुंबद से पानी
आगरा में ताजमहल में बरसात के बाद कई नुकसान हुए हैं। मुख्य गुंबद से मुख्य कब्रों पर पानी की बूंदे टपकने के बाद अब मुख्य गुंबद पर पौधा निकल आया है। इसके फोटो और वीडियो पर्यटकों ने खींचे और सोशल मीडिया पर अपलोड किए। सिकंदरा स्थित अकबर टॉम्ब में भी 400 साल पुरानी सुनहरी पेटिंग पानी रिसने से खराब हो गई है। एएसआई इस पेंटिंग को बचाने की कवायद में जुट गया है। ताजमहल के मुख्य गुंबद पर बाहरी तरफ एक पौधा उगा है। इसका फोटो और वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पौधा मुख्य गुंबद पर यमुना की तरफ है। जो एक मेहराब के ठीक नीचे उगा हुआ है। इससे ठीक तीन दिन पहले बरसात के बाद मुख्य गुंबद से मुख्य कब्रों पर पानी टपका था। एएसआई अधिकारियों ने कहा था कि मुख्य गुंबद पर लगे कलश में जंग लगने से महीन दरार आ सकती है। जिससे पानी टपक सकता है। इसे ठीक कराया जाएगा। उससे पहले ताजमहल के गार्डन में भी पानी भर गया था। एएसआई ने ताजमहल में मरम्मत की बात कही थी।