आगरा के चित्राहाट के गांव पारना की घटना, ग्रामीणों ने निकाला अजगर के अंदर से मरा हुआ बछड़ा

आगरा के थाना चित्राहाट के गांव पारना में 16 फीट का अजगर बछड़े को निगल गया। चरवाहों ने बहुत मुश्किल से बछड़े को अजगर के अंदर से निकाला। लेकिन तब तक बछड़ा मर चुका था। ग्रामीणों के सूचना देने के बाद भी वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीण खुद ही अजगर को जंगल में छोड़ आए।

पारना के जंगल में गाय के साथ उसका बछड़ा भी घास चर रहा था। इतने में ही एक 16 फीट लंबा अजगर वहां पहुंचा। अजगर ने बछड़े को अपने चंगुल में लेकर उसे निगलना शुरू किया। चरवाहों ने देखा तो उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने लाठी डंडों से अजगर को मारना शुरू किया। अजगर की पकड़ बछड़े पर ढीली पड़ी। लोगों ने अजगर के अंदर से बछड़े को निकाला। लेकिन तब तक बछड़े की मौत हो चुकी थी।

नहीं पहुंची वन विभाग की टीम ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इतने लंबे अजगर को पकड़ने के लिए वन विभाग को फोन किया था। लेकिन बहुत देर इंतजार करने के बाद भी वन विभाग की टीम नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने खुद ही अजगर को जंगल के अंदर लेकर जाकर छोड़ दिया।