आगरा में भगवान शिव की प्रतिमा खंडित मिली:शरारती तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, नई मूर्ति स्थापित की गई

ताजनगरी आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र के पर्यटक गांव बरारा में शुक्रवार की सुबह शरारती तत्वों ने भगवान शिव परिवार की प्रतिमा खंडित कर दी। मंदिर में भगवान शिव की खंडित प्रतिमा देख ग्रामीणों में आक्रोश पनप गया। ग्रामीणों ने पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दी।

सूचना पर थाना मलपुरा प्रभारी मंदिर पहुंचे और उन्होंने तुरंत ही शिवजी की नई प्रतिमा ब्राह्मण और ग्रामीणों के सहयोग से स्थापित कराई। तब जाकर ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार थाना मलपुरा क्षेत्र के पर्यटक गांव बरारा में शुक्रवार की सुबह गांव की महिला और पुरुष रोजाना की तरह पूजा अर्चना करने पहुंचे। तो देखा शिवजी की प्रतिमा को किसी शरारती तत्व ने खंडित कर दिया है। जिसके चलते ग्रामीणों में आक्रोश पनप गया।

सूचना पर थाना मलपुरा प्रभारी पवन कुमार सैनी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजीत चाहर ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि किसी शरारती तत्वों द्वारा गांव की फिजा खराब करने की कोशिश की गई है। गांव में सभी लोग शांतिपूर्वक रहते हैं।

वहीं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजीत चाहर ने बताया है कि पुलिस प्रशासन और ग्रामीणों द्वारा नई प्रतिमा को हवन यज्ञ और आरती के द्वारा स्थापित कराया। वही खंडित प्रतिमा को यमुना जी में प्रवाहित किया जाएगा। फिलहाल गांव में शांति का माहौल है।

थाना मलपुरा प्रभारी पवन कुमार सैनी ने बताया है कि गांव में प्रतिमा खंडित की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के सहयोग से नई प्रतिमा स्थापित की गई है। साथ ही क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। जो भी दोषी होगा, बक्सा नहीं जाएगा।