निजी अस्पताल में डिलीवरी के बाद महिला की मौत:खून चढ़ाते ही बिगड़ी महिला की तबीयत, अस्पताल छोड़कर फरार हुए कर्मचारी

फिरोजाबाद में प्राइवेट अस्पताल में भर्ती महिला ने नॉर्मल डिलीवरी से एक बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद अस्पताल कर्मचारियों ने जैसे ही महिला को खून चढ़ाया, उसकी तबीयत बिगड़ गई। कुछ देर बार उसकी मौत हो गई। अस्पताल कर्मचारी मौके से फरार हो गए।

थाना बसई मोहम्मदपुर निवासी 36 वर्षीय उषा देवी पत्नी संतोष कुमार को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने थाना रसूलपुर क्षेत्र के सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। परिजनों के मुताबिक बुधवार रात्रि महिला ने नॉर्मल डिलीवरी से एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। अस्पताल के डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि महिला में खून की कमी है और उसे खून चढ़ाना पड़ेगा। परिजनों का आरोप है कि जैसे ही डॉक्टरों ने उषा देवी को खून चढ़ाया।

खून चढ़ाते ही उसकी तबीयत बिगड़ गई और गुरुवार सुबह उन्हें एंबुलेंस में रखकर आगरा के लिए रेफर कर दिया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव लेकर परिजन दोबारा फिरोजाबाद हॉस्पिटल पहुंच गए। जहां हंगामा होने पर अस्पताल कर्मचारी मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इंस्पेक्टर थाना रसूलपुर का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।