Uncategorized

हाथरस के लेखपाल की एटा में सड़क हादसे में मौत:टायर फटने से पेड़ से टकराई कार, तीन गंभीर रूप से घायल

हाथरस के एक लेखपाल की एटा के जलेसर के निकट हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में एक प्रधान पति भी शामिल है। हाथरस के हसाया ब्लॉक में तैनात लेखपाल राजवीर सिंह पुत्र उदयवीर सिंह अपनी कार से मैनपुरी जिले के करहल जा रहे थे।

उनके साथ कार में लेखपाल दुर्जन सिंह व प्रवीण कुमार, गांव सिकतरा के प्रधान पति उदय प्रताप भी थे। इन सभी को लेखपाल रवि कुमार के पिता के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करनी थी। कल देर शाम जलेसर में अवागढ़ मार्ग पर इनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

बताते हैं कि इस कर का टायर फट गया और कर पेड़ से जा टकराई। जिससे कार में सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन सभी को एटा जलेसर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां से उदय प्रताप और दुर्जन सिंह को आगरा, जबकि राजवीर सिंह और प्रवीण कुमार को अलीगढ़ के निजी चिकित्सालय में ले जाया गया।

एक घायल की हालत गंभीर

अलीगढ़ में उपचार के दौरान राजवीर सिंह की मौत हो गई, जबकि प्रवीण कुमार को गंभीर हालत में नोएडा के जेपी अस्पताल ले जाया गया। वहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। राजवीर सिंह ने अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और पुत्रियों को बिलखते हुए छोड़ा है। वह सासनी में इगलास रोड पर रहते थे। उनके आवास पर शव पहुंचते ही करुण-क्रंदन मच गया।

Related Articles

Back to top button