आगरा में झुलसा रही धूप, हीट वेव का अलर्ट
रविवार को यूपी का सबसे गर्म शहर था आगरा, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
आगरा। आगरा में सूरज के तेवर ठंडे नहीं हो रहे हैं। रविवार को प्रदेश में सबसे गर्म शहर आगरा रहा था। सोमवार को भी अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहेगा। मौसम विभाग ने संभावना जाहिर की है कि 16 मई को हीट वेव चलेगी।
रविवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान आगरा के अलावा प्रयागराज का था। अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यही स्थिति सोमवार को सुबह से है। सुबह से ही चटक धूप निकल चुकी है। लोग खुद को गर्मी और तपती धूप से बचाने के लिए ढक्कर घरों से बाहर निकल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने भी लू को लेकर एडवाइजरी जारी की है। अस्पतालों में गर्मी से बीमार होने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
44 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान
मौसम विभाग ने संभावना जाहिर की है कि शहर का तापमान 16 मई को 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इससे पहले 7 मई को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 18 मई तक मौसम विभाग ने तापमान में वृद्धि की संभावना जाहिर की है।
डॉक्टर दे रहे सुझाव
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव का कहना है कि लोग दोपहर में घर या ऑफिस से बाहर निकलने से बचें। पानी ज्यादा से ज्यादा पिएं। सिर को ढककर निकलें। रसीले फलों का सेवन करें। छाछ, जूस, लस्सी, नींबू पानी पीते रहें।