इरादत नगर में गेंहू की चार बीघा फसल जली

लाखों का हुआ नुकसान, ग्रामीणों ने मिलकर आग को बुझाने का किया प्रयास
खेरागढ़ । ताजनगरी आगरा के थाना इरादत नगर क्षेत्र में रविवार को अज्ञात कारणों से खेत में कटी रखी चार बीघा गेंहू की फसल में आग लग गई। आग लगने की जानकारी पर पहुंचे ग्रामीणों ने मिलकर आग को बुझाने का काफी प्रयास किया लेकिन आग विकराल होती चली गई और पूरी फसल जलकर राख हो गई। घटना रविवार देर शाम करीब पांच बजे के मिहावा, मोतीपुरा की है। चार किसान भाइयों कमल सिंह, दिवान सिंह, देवी सिंह और रविकांत की चार बीघा की गेंहू की फसल कटी हुई एकत्रित रखी थी। खेत में कटी रखी फसल में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग लगने की जानकारी किसान की बेटी को हुई। वह दौड़ी दौड़ी अपने पिता और अन्य परिजनों को दी। गेंहू की फसल में अचानक से आग लगने की जानकारी पर सभी मौके पर पहुंच गए और आग को बुझाने में जुट गए। गेंहू की फसल में आग लगने की जानकारी पर गांव के अन्य किसान भी पहुंच गए और उनकी मदद करने में जुट गए। आग धीरे धीरे विकराल होती गई और उसे बुझाने में सफल नहीं हो सके।

साल भर की मेहनत जलते देख निकल आए आंसू

दिन रात कढ़ी मेहनत करके गेंहू की पैदावार को अपनी आंखों के सामने धूं धूं कर जलते देख किसानों के आंसू निकल आए। किसान कमल सिंह, दिवान सिंह, देवी सिंह और रविकांत ने बताया है कि आग लगने से पूरी फसल जलकर भस्म हो गई। जिससे उन्हें करीब तीन लाख से अधिक का नुकसान हो गया। इरादत नगर से प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और घटना की छानबीन में जुट गए।