हाथरस में जोर पकड़ रहा चुनाव प्रचार
27 को सीएम योगी तो 29 को आएंगे अखिलेश यादव
हाथरस। हाथरस लोकसभा सीट पर तीसरे चरण में 7 मई को मतदान होगा। अब चुनाव प्रचार और तेज होता जा रहा है। सभी मुख्य पार्टियों के प्रत्याशी अपने दलों के प्रमुख नेताओं को यहां बुलाकर चुनाव प्रचार में अपनी ताकत झोंक रहे हैं। इसी क्रम में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा करने के लिए 27 अप्रैल को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिकंद्राराऊ आएंगे। इसके अलावा 29 अप्रैल को सपा प्रत्याशी जसवीर वाल्मीकि के समर्थन में चुनावी सभा करने अखिलेश यादव भी सिकंद्राराऊ ही आएंगे।
मतदान में अब कुछ दिन ही शेष बचे हैं
हाथरस लोकसभा सीट पर मतदान में अब कुछ दिन ही शेष बचे हैं। यहां तीसरे चरण में 7 मई को मतदान होगा। चुनाव प्रचार में अभी तक बीजेपी सबसे आगे है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करने आए थे। इसके बाद जिस दिन भाजपा प्रत्याशी अनूप प्रधान ने नामांकन किया था। उस दिन भी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी यहां आए थे।
क्रीड़ा स्थल पर जनसभा को संबोधित करने आएंगे
बसपा प्रत्याशी हेमबाबू धनगर के समर्थन में बसपा के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद जनसभा को संबोधित कर चुके हैं। अब सिकंद्राराऊ में 27 अप्रैल को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कस्बे के क्रीड़ा स्थल पर जनसभा को संबोधित करने आएंगे। इसके लिए पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता तैयारी में जुटे हैं। इधर सपा के मुखिया अखिलेश यादव भी सिकंद्राराऊ में ही 29 अप्रैल को जनसभा को संबोधित करेंगे।
राजनाथ और शाह का कार्यक्रम भी मांगा
भाजपा के स्थानीय नेताओं ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृहमंत्री अमित शाह का कार्यक्रम भी मांगा है लेकिन अभी तक इनका कार्यक्रम फाइनल नहीं हुआ है। कुछ अन्य दलों के वरिष्ठ नेता भी चुनाव प्रचार करने के लिए यहां आ सकते हैं।