अमेठी से राहुल, रायबरेली से प्रियंका का चुनाव लड़ना तय

लखनऊ (नेट डेस्क)। अमेठी से राहुल गांधी और रायबरेली से प्रियंका गांधी का चुनाव लड़ना तय है। कांग्रेस ने इन दोनों सीटों पर इंटरनल सर्वे कराया। इसकी रिपोर्ट के आधार पर तय हुआ कि दोनों सीटों पर गांधी परिवार से ही प्रत्याशी उतारा जाएगा। प्रियंका अगर रायबरेली से उतरती हैं तो यह उनका पहला चुनाव होगा।
राहुल वायनाड (केरल) से चुनाव लड़ रहे हैं, वहां 26 अप्रैल को वोटिंग है। इसके बाद कांग्रेस कभी भी अमेठी और रायबरेली से प्रत्याशियों का ऐलान कर देगी। दोनों सीटों पर नामांकन की आखिरी तारीख 3 मई है, यहां पांचवें फेज में 20 मई को वोटिंग होगी।
कांग्रेस के सीनियर लीडर और पूर्व केंद्रीय मंत्री ने नाम ना जाहिर करने की शर्त पर दैनिक भास्कर से कहा- सोनिया गांधी चाहती हैं कि रायबरेली सीट से प्रियंका और अमेठी से राहुल को उतारा जाए। इस पर सहमति भी बन चुकी है। राहुल-प्रियंका पहले तैयार नहीं थे, लेकिन अब दोनों को मना लिया गया है।
इस सवाल पर कांग्रेस नेता कहते हैं- प्रियंका संगठन को मजबूत करने के लिए चुनावी मैदान में उतरने से परहेज कर रही थीं। अब स्थितियां अलग हैं। देश बचाने के लिए गांधी परिवार के दोनों उत्तराधिकारियों को सामने आना होगा। रायबरेली 2004 से लेकर 2019 तक सोनिया गांधी के पास रहा है। इस वजह से एक बार फिर से इस सीट पर उत्तराधिकारी के तौर पर प्रियंका गांधी को चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी है।
अमेठी को लेकर रॉबर्ट वाड्रा पर चर्चा नहीं हुई: कांग्रेस के सीनियर लीडर कहते हैं, ‘अमेठी से कभी भी रॉबर्ट वाड़्रा का नाम पार्टी लेवल पर नहीं चला। उएउ में कभी उनके नाम की चर्चा नहीं हुई। रॉबर्ट वाड्रा का अमेठी और रायबरेली की जनता से वह अटैचमेंट नहीं है, जो राहुल-प्रियंका का है। उनका लोकल कनेक्ट भी नहीं है।
रॉबर्ट वाड्रा मैदान में उतरते हैं तो फिर भाजपा के लिए मुकाबला आसान हो सकता है। कांग्रेस कभी नहीं चाहेगी कि अमेठी की तरह रायबरेली भी हाथ से निकल जाए। 2019 चुनाव में 80 में से सिर्फ एक रायबरेली सीट पर ही कांग्रेस जीती थी। इसीलिए पार्टी में अब तक उनके नाम की कोई चर्चा नहीं हुई।’
स्मृति ईरानी ने सोमवार को अमेठी में एक जनसभा में कहा- 26 अप्रैल को वायनाड में मतदान होने के बाद राहुल गांधी अमेठी को परिवार बताने आएंगे। यहां समाज में जातिवाद की आग लगाने का काम करेंगे। राहुल गांधी ने सम्राट साइकिल की जमीन हड़प रखी है।
रायबरेली में भाजपा अभी वेट एंड वॉच की स्थिति में है। भाजपा किसी केंद्रीय मंत्री को चुनाव मैदान में उतार सकती है। वह कांग्रेस प्रत्याशी के नाम का ऐलान होने का इंतजार कर
रही है।