आज शेयर बाजार की मिली जुली शुरुआत:सेंसेक्स 94 अंक फिसलकर 59,538 पर खुला, निफ्टी में 15 अंक की तेजी
आज यानी कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन शुक्रवार (21 अप्रैल) को बाजार की मिली जुली शुरुआत हुई है। सेंसेक्स 94 अंक फिसलकर 59,538 पर खुला। हालांकि निफ्टी में 15 अंक की बढ़त है, यह 17,639 के स्तर पर ओपन हुआ। शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 में से 17 शेयरों में तेजी और 13 शेयरों में गिरावट देखने को मिल रही है।
अडाणी ग्रुप के 10 शेयरों में से 9 में गिरावट
आज अडाणी ग्रुप के 10 शेयरों में से 9 में गिरावट देखने को मिली। सुबह साढ़े 9 बजे अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 0.70% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था। इसके अलावा अडाणी ट्रांसमिशन, पोर्ट्स, विल्मर, पावर, टोटल गैस, ग्रीन एनर्जी, अंबुजा सीमेंट और ACC के शेयरों में भी गिरावट है। सिर्फ NDTV के शेयर में बढ़त दिख रही है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के नतीजे आज
रिलायंस इंडस्ट्रीज आज वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) के नतीजे जारी करेगी। एक्सपर्ट्स का चौथी तिमाही कंपनी का मुनाफा बढ़ने का अनुमान है । रिलायंस रिटेल और जियो की तरफ से भी दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
इससे पिछली तिमाही (Q3FY23) में कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट साल-दर-साल (YoY) 13.30% कम होकर 17,806 करोड़ रुपए रहा था। ऑपरेशन से उसका रेवेन्यू 220,592 करोड़ रुपए हो गया था, जो एक साल पहले के 191,271 करोड़ रुपए के मुकाबले 15.32% ज्यादा था।
कल शेयर बाजार में रही थी बढ़त
कल यानी 20 अप्रैल को शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 64 अंकों की तेजी के साथ 59,632 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में 5 अंकों की तेजी रही, यह 17,624 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 में से 18 शेयरों में तेजी और 12 शेयरों में गिरावट देखने को मिली थी।