सेंसेक्स 700 अंकों से ज्यादा चढ़ा, निफ्टी में भी तेजी:अडाणी ग्रुप के सभी 10 शेयर्स बढ़त में; विल्मर, पावर, NDTV 5% चढ़े
आज वित्त वर्ष 2022-23 के आखिरी दिन यानी 31 मार्च को भारतीय शेयर बाजार में तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 700 अंकों से ज्यादा की बढ़त के साथ 58,600 के पार पहुंच गया है। निफ्टी में भी करीब 180 अंकों की तेजी है। यह 17,260 के करीब कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 25 शेयरों में तेजी और सिर्फ 5 में गिरावट है।
अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर में 2.24% की बढ़त
आज अडाणी ग्रुप के 10 के सभी शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है। सुबह साढ़े 9 बजे ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 2.24% ऊपर कारोबार कर रहा था। वहीं अडाणी पावर, विल्मर और NDTV के शेयरों में 5-5% की बढ़त देखने को मिल रही है।
अमेरिकी बाजार से पॉजिटिव संकेत
अमेरिकी शेयर बाजारों में गुरूवार को मजबूती देखने को मिली। डाउ जोन्स 141 अंक बढ़कर 32,859.03 के लेवल पर बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्स करीब 23 अंक चढ़ा। यह 4050.92 के लेवल पर बंद हुआ। नैस्डेक कंपोजिट में करीब 117 अंकों की बढ़त रही और यह 12,963 के लेवल पर बंद हुआ।
29 मार्च के कारोबार में FII और DII नेट बायर्स रहे
बुधवार यानी 29 मार्च के कारोबार में फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (FII) और डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (DII) नेट बायर्स रहे। NSE पर उपलब्ध प्रोविजनल डाटा के अनुसार FII ने मार्केट से 1245.39 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। इस दौरान DII ने 822.29 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।
4 SME IPO आज लॉन्च होंगे
आज SME सेगमेंट में 4 IPO लॉन्च होंगे। ये चारों कंपनियों 100 करोड़ रुपए से ज्यादा का फंड जुटा रही है। इनमें से एमओएस यूटिलिटी और इनफिनियम फार्माकेम को NSE इमर्ज प्लेटफॉर्म से लॉन्च किया जाएगा। अन्य दो एक्सहिकॉन इवेंट्स मीडिया सॉल्यूशंस और सैनकोड टेक्नोलॉजीज BSE SME सेगमेंट में खुलेंगे।
बुधवार को मार्केट में रही तेजी
इससे पहले बुधवार यानी 29 मार्च को भारतीय शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 346 अंक की बढ़त के साथ 57,960 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी में 129 अंकों की बढ़त रही थी। यह 17,080 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 26 शेयरों में तेजी और 4 में गिरावट रही थी। 30 अप्रैल को रामनवमी पर शेयर बाजार बंद था।