प्रियंका के अलावा इन एक्ट्रेसेस ने भी कराया एग्स फ्रीज:मोना सिंह से लेकर राखी सावंत तक; काजोल की बहन भी हैं इस लिस्ट में
प्रियंका चोपड़ा ने एक लेटेस्ट इंटरव्यू में कहा है उन्होंने अपनी मां के कहने पर 30 साल की उम्र में ही अपने एग्स फ्रीज करा दिए थे। प्रियंका के मुताबिक, आगे चलकर मां बनने में दिक्कत न हो इसलिए उन्होंने पहले ही ये कदम उठा लिया था।
हालांकि प्रियंका पहली ऐसी बॉलीवुड एक्ट्रेस नहीं हैं जिन्होंने ऐसा किया है। उनके अलावा टीवी एक्ट्रेस मोना सिंह, पूर्व मिस वर्ल्ड डायना हेडेन ,राखी सावंत और काजोल की बहन तनीषा मुर्खजी भी अपने एग्स फ्रीज करवा चुकी हैं।
क्या है एग्स फ्रीजिंग?
यह एक कॉमन मेथड है जिसमें महिला के गर्भाशय से हेल्दी एग्स को निकालकर मेडिकल सुपरविजन में स्टोर करके रखा जाता है। बाद में जब भी महिला प्रेग्नेंट होना चाहती है तो उन एग्स को फर्टिलाइज करके भ्रूण बनाकर महिला के गर्भाशय में ट्रांसफर कर दिया जाता है। इसमें किसी तरह का कोई गंभीर खतरा नहीं है और ये बेहद आसान तरीका भी है।
मोना सिंह
फेमस टीवी एक्ट्रेस मोना सिंह ने एक इंटरव्यू में बताया कि जब वो 34 साल की थीं तब उन्होंने अपने एग्स फ्रीज करवा लिए थे। ये करने के बाद वो पूरी तरह फ्री महसूस करती हैं। मोना का कहना है कि अभी वो बच्चे पैदा करने के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं हैं। हालांकि एग्स फ्रीज करने से वो जब चाहे तब मां बन सकती हैं। उनकी शादी 2019 मे फिल्म मेकर श्याम राजगोपालन से हुई थी।
तनीषा मुखर्जी
काजोल की बहन और कई फिल्मों में नजर आ चुकीं तनीषा मुखर्जी ने 39 साल की उम्र में अपने एग्स फ्रीज करवाए थे। तनीषा ने एक इंटरव्यू में कहा कि वो जब 33 साल की थीं तभी ये कराने की सोची थीं। हालांकि उस वक्त डॉक्टर्स ने उन्हें ऐसा करने से मना कर दिया। तनीषा के मुताबिक, डॉक्टर ने उनसे कहा कि ये तब करना चाहिए जब बच्चा पैदा करने की कोई उम्मीद न हो।
डायना हेडेन
डायना हेडेन, रीता फारिया और ऐश्वर्या राय के बाद तीसरी ऐसी इंडियन थी जिसने मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया था। डायना ने 2016 में फ्रोजन एग के जरिए बच्चे को जन्म दिया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, डायना ने 2007 और 2008 के बीच 16 बार एग फ्रीज कराए थे। इस हिसाब से देखा जाए तो हॉस्पिटल में एग फ्रीज कराने के आठ साल बाद डायना मां बनी थीं। डायना का भी यही कहना था उन्होंने अपने करियर को देखते हुए ये फैसला लिया।
राखी सावंत
राखी सावंत इन दिनों अपनी बिगड़ी शादी को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने अपने पति आदिल खान दुर्रानी पर धोखाधड़ी और मारपीट का आरोप लगाया है। हालांकि राखी की भी इच्छा है कि वो भविष्य में मां बनें। बिग बॉस 14 के वक्त उन्होंने बताया था कि भविष्य में मां बनने के लिए वो अपने एग्स फ्रीज करवा चुकी हैं। उन्होंने कहा था कि वो किसी विक्की डोनर के भरोसे नहीं बैठना चाहतीं इसलिए पहले ही ये डिसीजन ले लिया है।
प्रियंका चोपड़ा
प्रियंका चोपड़ा ने कहा है कि अपनी मां के कहने पर उन्होंने 30 साल की उम्र में ही अपने एग्स फ्रीज करा दिए थे। प्रियंका की मां मधु चोपड़ा एक गायनेकोलॉजिस्ट हैं, उनका मानना है कि 35 साल के बाद महिलाओं को मां बनने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इसी वजह से प्रियंका ने पूरी मेडिकल प्रोसेस के जरिए अपने एग्स को काफी पहले ही फ्रीज करा दिया। अपनी शादी के 4 साल बाद यानी 2022 में प्रियंका ने बेटी मालती को सरोगेसी के जरिए जन्म दिया।