अडाणी ग्रुप के 10 में से 7 शेयरों में गिरावट:फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 5% से ज्यादा टूटा, सेंसेक्स में भी 700 अंकों की गिरावट

हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार (10 मार्च) को शेयर बाजार में बिकवाली नजर आ रही है। सेंसेक्‍स 547 अंक की गिरावट के साथ 59,259.83 पर खुला। निफ्टी में 138 अंक टूटकर 17,443.80 पर खुला है। खुलने के बाद बाजार की गिरावट बढ़ी है और सेंसेक्‍स 700 अंक से ज्‍यादा गिरकर 58950 के करीब ट्रेड कर रहा है।

निफ्टी भी 230 अंक से ज्यादा गिरकर 17350 के नीचे आ गया है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 28 में गिरावट है। बैंक, फाइनेंशियल, आईटी और ऑटो शेयर्स सबसे ज्यादा टूटे है। सेंसेक्स पर केवल टाटा मोटर्स और भारती एयरटेल ही बढ़त है। टॉप लूजर्स की बात करें तो HDFC, LT, HDFC बैंक करीब 3% नीचे हैं।

अडाणी ग्रुप के 10 में से 7 शेयरों में गिरावट
अडाणी ग्रुप के 10 में से केवल 3 शेयरों में तेजी है और 7 में गिरावट है। ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 5% से ज्यादा टूटा है। अडाणी पोर्ट्स में करीब 2% की गिरावट है। अडाणी पावर करीब 2% और अडाणी विल्मर 4.5% नीचे हैं।

वहीं ग्रुप की सीमेंट कंपनी ACC में 1% से ज्यादा और अंबुजा में 2% की गिरावट है। मीडिया कंपनी एनडीटीवी का शेयर 4% टूटा है। बढ़ा वाले शेयरों में अडाणी ट्रांसमिशन, ग्रीन एनर्जी और टोटल गैस है। तीनों शेयर करीब 5% ऊपर है।

FII नेट सेलर्स और DII नेट बायर्स
9 मार्च के कारोबार में फॉरेन इंस्‍टीट्यूशनल इन्‍वेस्‍टर्स (FII) नेट सेलर्स रहे। वहीं इस दौरान डोमेस्टिक इंस्‍टीट्यूशनल इन्‍वेस्‍टर्स (DII) नेट बायर्स रहे। NSE पर उपलब्‍ध प्रोविजनल डाटा के अनुसार FII ने बाजार से 561.78 करोड़ रुपए निकाल लिए। डोमेस्टिक इंस्‍टीट्यूशनल इन्‍वेस्‍टर्स ने 42.41 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।

अमेरिकी मार्केट में गिरावट
अमेरिकी बाजारों में गुरुवार को गिरावट देखने को मिली। डाउ जोन्स 544 अंकों या 1.66% की गिरावट के साथ 32,254.86 के लेवल पर बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्‍स में 74 अंकों या 1.85% की गिरावट रही और यह 3,918.32 के लेवल पर बंद हुआ। वहीं नैस्डैक कंपोजिट भी 238 अंक या 2% गिरकर 11,338.36 के लेवल पर बंद हुआ।

सेंसेक्स 541 अंक गिरकर बंद हुआ था
भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन, यानी गुरुवार (9 मार्च 23) को गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 541 अंक गिरकर 59,806 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 164 अंक की गिरावट रही। यह 17,589 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 शेयरों में गिरावट और सिर्फ 7 शेयरों में तेजी रही।