चीन बोला- कीव जाकर बाइडेन ने आग में घी डाला:यूक्रेनी लोगों ने कहा- भरोसा जीता; रूसी एक्सपर्ट बोले- उकसाने के अलावा कुछ नहीं आता
रूस-यूक्रेन जंग का एक साल पूरा होने के ठीक 4 दिन पहले सोमवार को अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन अचानक कीव पहुंच गए । बाइडेन ने कीव पहुंच कर रूस को कड़ा मैसेज दिया। उन्होंने कहा, ‘मैं आज राष्ट्रपति जेलेंस्की से मिलने कीव आया हूं, ये बताने की हम उनके साथ हैं।’ बाइडेन के दौरे पर अब पूरी दुनिया से रिएक्शन आ रहे हैं। चीन के विदेश मंत्री किन गैंग ने कहा- कुछ देश आग में घी डालने का काम कर रहे हैं। इस तुरंत बंद किया जाना चाहिए। इससे जंग खतरनाक और कंट्रोल से बाहर होती जा रही है।
रूस के पूर्व सैन्य अधिकारी ने बाइडेन को दादा जी कहा
रूस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर बाइडेन के कीव दौरे पर कोई बयान नहीं दिया है। हालांकि, इससे वहां के मिलिट्री एक्सर्टस और मीडिया में काफी हलचल मची हुई है। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक रूस के जानेमाने पत्रकार सर्गेई मरदन ने टेलीग्राम चैनल पर लिखा, बाइडेन का कीव में होना रूस के लिए शर्मनाक है। बहादुरी की बातें केवल बच्चों के लिए छोड़ देनी चाहिए।
वहीं रूस की फेडरल सिक्योरिटी सर्विस के पूर्व अधिकारी इगोर गिरकिन ने बाइडेन को दादा जी कहा। उन्होंने कहा कि इसमें कोई हैरानी की बात नहीं कि वो जंग के मैदान में आकर भी वापस सही सलामत लौट सकते थे। उन्हें उकसाने के अलावा कुछ आता भी नहीं है। एक टेलीग्राम चैनल जिसे रूस की सेना के अफसर मैनेज करते हैं उसमें एक अधिकारी ने लिखा कि पुतिन से पहले बाइडेन ही कीव पहुंच गए। जंग का एक साल पूरा होने वाला है हम कीव में अमेरिका नहीं बल्कि रूस के राष्ट्रपति को देखना चाहते हैं|
बाइडेन के दौरे से खुश यूक्रेन के लोग
कीव में रहने वाली इन्ना रोमानिउक ने रॉयटर्स को बताया कि बाइडेन की विजिट बेहतरीन है। आखिरकार हमारे पार्टनर ये साबित करने लगे हैं कि वो हमारे साथ हैं। मुझे पहले अमेरिका पर शक था पर उन्होंने अपनी दोस्ती को साबित कर दिया। वहीं कीव में ही रहने वाले यूरी का मानना है कि बाइडेन को जल्द ही ऐलान कर देना चाहिए की वो हमें F-16 जेट देने वाले हैं।
रूस-यूक्रेन पर आपस में भिड़े चीन-अमेरिका
19 फरवरी को अमेरिका के गृह मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने चीन पर आरोप लगाया कि वो यूक्रेन में जंग के लिए रूस को हथियार सप्लाई करने की योजना बना रहा है। जिससे जंग और भी आगे बढ़ेगी। ब्लिकंन के इस आरोप पर चीन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि रूस और चीन के संबंधों पर अमेरिका जिस तरह से उंगली उठा रहा है। इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दरअसल जंग से कुछ दिनों पहले ही चीन और रूस के बीच नो लिमिट पार्टनरशिप बनी थी। इसका फोकस बुरे हालातों में एक-दूसरे का साथ देना था।
वहीं रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन आज देश के लोगों को संबोधित करेंगे। आशंकी जताई जा रही है कि इस संबोधन में वो बाइडेन के यूक्रेन दौरे का जिक्र करेंगे। पुतिन पहले भी अमेरिका और पश्चिमी देशों पर यूक्रेन को भड़काने और जंग का लंबा खींचने के लिए हथियार देने के आरोप लगा चुके हैं।
बाइडेन के रूस दौरे की ये खबर भी पढ़ें…
बाइडेन का सीक्रेट यूक्रेन दौरा- इनसाइड स्टोरी:पत्नी के साथ वॉशिंगटन के रेस्टोरेंट में थे US प्रेसिडेंट, 24 घंटे बाद सीधे कीव में नजर आए
यूक्रेन पर रूस के हमले को इस हफ्ते एक साल हो जाएगा। यहां एरियल अटैक सायरन (हवाई हमले का अलर्ट) गूंजना नई बात नहीं रह गई। सोमवार सुबह 8 बजे (यूक्रेन के वक्त के मुताबिक) अचानक इसकी आवाज तेज हो गई। कीव की सड़कें पहले ही ब्लॉक कर दी गईं थीं। आम लोगों को ऐतिहासिक चर्च रोड पर जाने की मंजूरी नहीं थी। लिहाजा उन्हें अंदाजा हो चला था कि कोई VVIP मूवमेंट होने वाला है।