आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा ताजमहल और किला:11 फरवरी को किला तो 12 को ताजमहल रहेगा बंद, G-20 डेलीगेशन करेगा दीदार

आगरा में फरवरी में जी-20 की बैठक होनी है। इसके लिए जी-20 देशों के प्रतिनिधिमंडल आगरा आएगा। इस दौरान मेहमान ताजमहल, आगरा किला और एत्मादउद्दौला स्मारक देखने जाएंगे। इसके लिए एएसआई की ओर से स्मारक बंद रखने के लिए संशोधित आदेश जारी किया गया है। अब आगरा किला 11 व ताजमहल 12 फरवरी को आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। पहले किला और ताजमहल दोनों को 12 फरवरी को बंद रखने के आदेश हुए थे।

10 फरवरी को आएंगे प्रतिनिधिमंडल
जी-20 समिट बैठक में हिस्सा लेने के लिए जी-20 देशों के प्रतिनिधि 10 फरवरी की रात तक आगरा आ जाएंगे। 11 फरवरी को महिला सशक्तिकरण को लेकर होने वाले एक सम्मेलन में जी-20 प्रतिनिधिमंडल शिरकत करेगा। प्रतिनिधिमंडल में 180 विदेशी मेहमान होंगे।

11 व 12 फरवरी को देखेंगे स्मारक
जी-20 देशों के मेहमान ताजमहल, आगर किला देखेंगे। संशोधित आदेश के तहत अब 11 फरवरी को सुबह सूर्योदय से शाम सूर्यास्त तक आगरा किला और 12 फरवरी को ताजमहल आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। अधीक्षक पुरातत्वविद राजकुमार पटेल ने बताया कि जी-20 डेलीगेशन के लिए किले को 11 व ताजमहल को 12 फरवरी को आम पर्यटकों के लिए बंद रखा जाएगा। इसकी जानकारी एएसआई की वेबसाइट पर भी जारी कर दी गई है।

पहले 12 को बंद रखने के थे आदेश
जी-20 डेलीगेशन के लिए पहले दोनों स्मारकों को 12 फरवरी के दिन आम पर्यटकों के लिए बंद रखने के आदेश हुए थे। इससे पहले स्मारकों को आम पर्यटकों के लिए चार घंटे बंद रखने की भी बात सामने आई थी। मगर, अब अलग-अलग तारीख को पूरे दिन स्मारक बंद रखने के आदेश आ गए हैं।

कई देशों के मंत्री होंगे शामिल
11 और 12 फरवरी को आगरा में होने वाली जी-20 की पहली बैठक में कई देशों के मंत्री आएंगे। पहली बैठक में महिला सशक्तिकरण के मुददे पर चर्चा के लिए मंत्री समूह की बैठक होगी। इनमें कई देशों के मंत्री होंगे जो संस्कृति और महिला सशक्तिकरण से जुड़े होंगे।