आगरा

जन्मदिन पार्टी में शराब में सल्फास देकर दामाद की हत्या:फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट के बाद पत्नी और ससुर को पुलिस ने किया गिरफ्तार

आगरा । आगरा के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में एक युवक की मौत का राज चार महीने बाद खुला। पत्नी के जन्मदिन पर ससुराल गए युवक को शराब में जहर देकर मारने की साजिश रची गई थी। विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की रिपोर्ट में मौत का कारण सल्फास विषाक्तता सामने आने के बाद पुलिस ने पत्नी और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय के अनुसार, ट्रांस यमुना निवासी यतेंद्र पाल एक फैक्टरी में काम करते थे। उनकी शादी तीन साल पहले फाउंड्री नगर की रहने वाली तनु से हुई थी। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते तनु मायके में रह रही थी।
22 नवंबर 2025 को पत्नी के जन्मदिन पर यतेंद्र ससुराल पहुंचे थे। रात करीब 3 बजे उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना पर परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की मां मंजू ने बताया कि डॉक्टरों ने पहले भी अस्पताल लाए जाने की बात कही थी, जिससे उन्हें शक हुआ। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित रखा गया। पुलिस द्वारा शुरूआत में केस दर्ज न करने पर परिजनों ने कोर्ट का सहारा लिया। 5 जनवरी को कोर्ट के आदेश पर ट्रांस यमुना थाने में मुकदमा दर्ज हुआ और 16 मार्च को जांच कमला नगर थाना पुलिस को सौंप दी गई।
एफएसएल रिपोर्ट में सल्फास से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने पत्नी तनु और उसके पिता महेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में सामने आया कि जन्मदिन के दिन फिर से झगड़ा हुआ था, जिसके बाद ससुर महेंद्र ने सल्फास लाकर शराब में मिला दिया और दामाद को पिला दिया।
इससे उसकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button