मंटोला में केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग:घनी आबादी में आग लगने से अफरातफरी

आगरा। आगरा के मंटोला क्षेत्र में एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। ज्वलनशील रसायनों के कारण आग तेजी से फैल गई, जबकि फायर ब्रिगेड और पुलिस आग पर काबू पाने में जुटी हुई है। आसपास के लोग दहशत में आ गए हैं। अंदर ड्रम फटने से धमाके हो रहे हैं।
आगरा के थाना मंटोला क्षेत्र में डिवीजन चौकी के निकट स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसने विकराल रूप धारण कर लिया। फैक्ट्री में मौजूद ज्वलनशील रसायनों के कारण कुछ ही देर में आग की लपटें भयावह हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन केमिकल की मौजूदगी के कारण आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। आग की तीव्रता इतनी अधिक है कि कंगाल पाड़ा चौकी के सामने स्थित एक कोठी में भी आग की लपटें पहुंच गईं, जो मंटोला रोड की ओर बढ़ रही थीं।
यह इलाका घनी आबादी वाला है, ऐसे में आग लगने से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लोग अपने घरों से बाहर निकलकर इस भयावह दृश्य को देख रहे हैं। अधिकारी स्थिति को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह फैक्ट्री लतीफ नामक व्यक्ति की बताई जा रही है। इसमें जूता बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल रखे हुए थे, जिनकी ज्वलनशीलता ने आग को और भड़का दिया। एसीपी कोतवाली स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और राहत एवं बचाव कार्यों का निर्देशन कर रहे हैं।
आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है। अधिकारियों का मुख्य ध्यान आग पर पूर्ण नियंत्रण पाने और किसी भी जान-माल के नुकसान को रोकने पर है। इस घटना ने एक बार फिर घनी आबादी वाले क्षेत्रों में स्थित ज्वलनशील सामग्री वाली फैक्ट्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




