आगरा में डीपीएस के स्टूडेंट के 3 दांत तोडे़:साथ पढ़ने वाले लड़के ने पंच मारा
आगरा आगरा में डीपीएस शास्त्रीपुरम में पढ़ने वाले 10वीं के 2 छात्रों में मारपीट हो गई। एक छात्र ने दूसरे के मुंह पर कई पंच मारे। उसके 3 दांत तोड़ दिए, जबड़े में भी चोट आई है। उसके मुंह से खून निकलने लगा।
घायल छात्र के पिता पीयूष मल्होत्रा फेमस यूट्यूबर हैं। उन्होंने आरोप लगाया- स्कूल प्रबंधन ने इलाज कराने के बजाय फोन पर कहा कि अपने बच्चे को ले जाइए। उन्होंने अपने बेटे का वीडियो शेयर करते हुए कहा- यह डीपीएस आगरा है। मेरे बच्चे का ये हाल हुआ है। सारा मुंह खत्म हो गया। घटना शनिवार सुबह की है।
आगरा के रहने वाले पीयूष मल्होत्रा सोशल मीडिया इंफ्लूयंसर है। उन्होंने बताया- मेरा बेटा डीपीएस शास्त्रीपुरम में 10वीं क्लास में पढ़ता है। शनिवार को बेटा स्कूल गया था। सुबह साढे़ 7 बजे स्कूल से फोन आता है कि बेटे के हल्की चोट लग गई है। उसे स्कूल से ले जाएं। जब मैं स्कूल पहुंचा तो देखा बेटे के मुंह से खून निकल रहा था।
स्कूल की आया बेटे को पकड़कर बैठी थी। मुंह में रूई ठूंसी हुई थी। उसे फर्स्ट एड तक नहीं दी गई थी। बेटे की हालत देखकर मैं घबरा गए। बेटे के क्लास में एक लड़के ने मुंह पर पंच मार दिया। इससे उसके 3 दांत टूट गए हैं। उसके जबडे़ में भी चोट है।
पीयूष मल्होत्रा ने बेटे का वीडियो शेयर करते हुए कहा- आगरा डीपीएस में मेरे बच्चे का ये हाल हुआ है। प्रशासन और सोशल मीडिया के लोगों से भीख मांगता हूं कि आप इस वीडियो को फारवर्ड कर दीजिए।
स्कूल की तरफ से घोर लापरवाही बरती गई। उन्होंने बच्चे को फर्स्ट एड तक नहीं दी। बच्चा दर्द से चिल्ला रहा था। उसे डॉक्टर को दिखाने के बजाए, फोन कर कह रहे हैं कि हल्की चोट लग गई है। उसे ले जाएं।
स्कूल में बेटे को चोट लगने के बाद प्रिंसिपल ने बच्चे का हाल चाल तक नहीं पूछा। ये लाखों रुपए की फीस लेते हैं, लेकिन थोड़ा भी ध्यान नहीं दे रहे हैं। ये पैरेंट्स को केवल दुधारू गाय समझते हैं।
छात्र को यथार्थ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका आॅपरेशन चल रहा है। आरोपी छात्र के खिलाफ सिकंदरा थाने में शिकायत दी गई है।




