मथुरा

मगोर्रा में दुकानदार का अपहरण कर लूट:बदमाशों ने कार में बैठाकर 50 हजार रुपये छीने

मथुरा। गोवर्धन के थाना मगोर्रा क्षेत्र में एक दुकानदार का अपहरण कर लूट की वारदात सामने आई है। बदमाश उसे कार में बैठाकर ले गए और मारपीट कर नकदी छीन ली। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव आजल निवासी गौरव कुमार पुत्र भीम सिंह सौंख क्षेत्र में खाद-बीज की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार शाम वह अपनी दुकान पर ग्राहकों को सामान दे रहे थे, तभी एक सफेद रंग की कार दुकान के सामने आकर रुकी। कार सवार लोगों ने गौरव को आवाज देकर बुलाया और मना करने पर जबरन कार में खींचकर बैठा लिया।
पीड़ित ने बताया कि कार में बैठे बदमाशों ने उसके सिर पर तमंचा लगाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने गौरव की जेब से करीब 15 हजार रुपये और पैंट की जेब से 35 हजार रुपये लूट लिए। कुल 50 हजार रुपये की नकदी छीनी गई।
छीना-झपटी के दौरान कुछ रुपये कार में गिर भी गए। मौका पाकर पीड़ित कार से उतरकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। घटना के बाद उसने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी कार लेकर गोवर्धन की ओर फरार हो चुके थे। कुछ लोगों ने कार का नंबर भी नोट कर लिया। पीड़ित ने तत्काल डायल 112 और पुलिस अधिकारियों को सूचना दी।
थाना प्रभारी को दी गई तहरीर में पीड़ित गौरव कुमार और व्यापार मंडल के अध्यक्ष महेश अग्रवाल ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण और लूट का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी हरीश चौधरी ने बताया कि बदमाशों को पकड़ने के लिए टीम लगा दी गई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button