मथुरा

होमगार्ड की परीक्षा देने जा रहे बाइक सवार 3 युवकों को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर:आगरा के 2 युवकों की मौत

मथुरा । मथुरा के थाना रिफाइनरी क्षेत्र में शनिवार को नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा हो गया। यहां आगरा से बाइक पर होमगार्ड की परीक्षा देने आ रहे 3 युवकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में 2 युवकों की मौत हो गई। जबकि एक युवक घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
शनिवार को थाना रिफायनरी क्षेत्र अंतर्गत उस समय दर्दनाक हादसा हो गया जब होमगार्ड का पेपर देने जा रहे तीन युवकों की बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी । हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत नाजुक बनी हुई है । जिसका इलाज अभी भी अस्पताल में जारी है। हादसे में मृतक हुए युवक रिश्ते में मामा भांजे थे।
आगरा के रहने वाले मजीद अपने भांजे टीटू और दोस्त साजिद के साथ मथुरा होमगार्ड परीक्षा देने आ रहे थे। एक ही बाइक पर सवार तीनों लोग जब टाउनशिप पर औरंगाबाद तिराहा के समीप पहुंचे तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसमें मजीद की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि टीटू ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं साजिद की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतकों के परिजनों के मुताबिक, तीनों युवक आगरा के टेढ़ी बगिया इलाके के रहने वाले थे और मथुरा में होमगार्ड का पेपर देने आ रहे थे।फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Related Articles

Back to top button