हल्दिया में गरजीं सीएम ममता, कहा- बंगाल में फिर बनेगी टीएमसी सरकार, भाजपा को कोई नहीं चाहता

कोलकाता । मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को हल्दिया में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी करेगी। ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य में कोई भी भाजपा की सरकार नहीं चाहता है।
ममता बनर्जी ने विपक्षी दलों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्र से भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत नहीं होगी। टीएमसी फिर से सरकार बनाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि साल 2026 में भाजपा को दिल्ली की सत्ता से भी बाहर कर देंगे।
इस दौरान ममता बनर्जी ने नेता प्रतिपक्ष सुभेंदु अधिकारी का नाम लिए बिना उन पर तीखे तंज कसे। उन्होंने कहा कि आपके भीतर बहुत अहंकार है। आपका तो पूरा परिवार ही चुनाव लड़ रहा है। ममता बनर्जी ने अभिषेक बनर्जी का बचाव करते हुए कहा कि आप रोज अभिषेक को बुरा-भला कहते हैं। आप उनसे मुकाबला नहीं कर सकते और मुझसे लड़ना चाहते हैं? मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आने वाले दिनों में अभिषेक बनर्जी ही मिदनापुर की देखरेख करेंगे।
टीएमसी प्रमुख ने बताया कि वह पिछले एक महीने से पूरे बंगाल का दौरा कर रही हैं। इस दौरान उन्होंने जनता की नब्ज को पहचाना है। उन्हें साफ दिख रहा है कि लोग भाजपा को पसंद नहीं कर रहे हैं। ममता बनर्जी ने भाजपा पर पलटवार करते हुए अपनी ‘चार्जशीट’ भी जारी की। दरअसल, भाजपा ने टीएमसी सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए एक चार्जशीट पेश की थी। इसके जवाब में ममता बनर्जी ने भाजपा पर हल्दिया डॉक और औद्योगिक क्षेत्रों में ‘कट-मनी’ (कमीशन) लेने का आरोप लगाया।
ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी आलोचना की। प्रधानमंत्री ने हाल ही में कहा था कि बंगाल की सभी 294 सीटों पर वह खुद भाजपा के उम्मीदवार हैं। इस पर ममता ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा करने के लिए प्रधानमंत्री को पहले अपने पद से इस्तीफा देना होगा।
बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 28 मार्च को टीएमसी सरकार के खिलाफ एक आरोप पत्र जारी किया था। इसमें भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और घुसपैठ जैसे मुद्दे उठाए गए थे। अब ममता बनर्जी ने उन्हीं के अंदाज में भाजपा को घेरा है। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल और दूसरे चरण का 29 अप्रैल को होगा। वोटों की गिनती चार मई को की जाएगी।




