
मथुरा हाईवे पर 10 दिन में लूट की 4 वारदातें:4 महिलाओं के कुंडल छीने
मथुरा । मथुरा के फरह थाना क्षेत्र में बाइक सवार लुटेरों ने 10 दिन में चार छीनेती की वारदातों को अंजाम दिया है । नेशनल हाईवे पर हो रही वारदातों के बाद पुलिस हरकत में आई और अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दीं।
शुक्रवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि महिलाओं के कुंडल लूटने वाले बाइक सवार बदमाशों में से एक फिर किसी वारदात को अंजाम देने आया।
मुखबिर से मिली सूचना पर फरह पुलिस और स्वाट टीम सक्रिय हुई और मौके पर पहुंच गई। जहां मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थाना फरह क्षेत्र में अपने किसी संबंधी के साथ दो पहिया वाहन पर जाने वाली महिलाओं को नेशनल हाईवे पर बाइक सवार बदमाश निशाना बना रहे थे। अपाचे बाइक पर बदमाश आते और पलक झपकते ही महिलाओं के कान से कुंडल छीन ले जाते। एक के बाद एक वारदातों को बाइक सवार बदमाश अंजाम दे रहे थे। जिससे पुलिस भी परेशान हो उठी और हाईवे से गुजरने वाली महिलाएं भी दहशत में आ गई।
नीले रंग की अपाचे बाइक सवार बदमाशों ने पहली वारदात को अंजाम 8 फरवरी को दिया। बदमाशों ने टोल के पास बाइक से अपने पति जयवीर सिंह के साथ मायके से लौट रही बेबी के कान के साढ़े 3 ग्राम वजन के सोने के कुंडल छीन लिए। इसके बाद बदमाशों ने दूसरी वारदात को अंजाम 5 दिन बाद 13 फरवरी को दिया। बदमाशों ने बेटे और नाती के साथ स्कूटी पर आगरा की तरफ से आ रही बुजुर्ग महिला के हिंदुस्तान कॉलेज के पास कुंडल छीन लिए।
तीसरी वारदात को 2 दिन बाद 15 फरवरी को अंजाम दिया। इस दिन बदमाशों ने ब्लॉक किसी काम से अपने देवर के साथ आई राजेश्वरी को निशाना बनाया। बाइक सवार बदमाशों ने पीछे से आकर राजेश्वरी के कान की झुमकी छीन ली। बदमाशों ने भागने का प्रयास किया लेकिन राजेश्वरी और उनके देवर ने पकड़ लिया। बदमाश दोनों को धक्का देकर भागने में सफल रहे। लेकिन इस छीनाझपटी में बदमाशों के हाथ से झुमकी गिर गई। इस वारदात के बाद बौखलाए बदमाशों ने 3 दिन बाद फिर वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने अपने बेटे के साथ बाइक से जा रही महिला के कान पर झपट्टा मारा और कुंडल छीन कर फरार हो गए।
10 दिन में 4 सरे रात नेशनल हाईवे पर दिन दहाड़े हुई 4 वारदातों से पुलिस सकते में आ गई। पुलिस ने बदमाशों की पहचान के लिए 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों को देखा। जिसके बाद एक बदमाश की पहचान पिपरोट फरह निवासी 36 वर्षीय रंजीत के रूप में हुई। इसके बाद एसएसपी ने रामजीत की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया।
रामजीत की तलाश में जुटी पुलिस को शुक्रवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि वह फरह परखम रोड पर गोवर्धन पुलिया के पास मौजूद है। इसके बाद फरह पुलिस और स्वाट टीम उसे गिरफ्तार करने पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही रंजीत ने फायर कर दिया। जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की जिसमें रामजीत पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल हुए रामजीत को गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। रामजीत के पास से पुलिस ने कुंडल लूटने के बाद हिस्से में आए 24 हजार रुपए,तमंचा,5 कारतूस के अलावा लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए प्रयोग की गई बाइक को बरामद किया है।



