व्यापार

वैश्विक तनाव के बीच खुदरा निवेशकों का भरोसा बरकरार, 15 माह के उच्च स्तर पर पहुंचा निवेश

नई दिल्ली । भारतीय शेयर बाजार में व्यक्तिगत खुदरा निवेशकों की भागीदारी और निवेश लगातार बढ़ता जा रहा है। उतार-चढ़ाव के बावजूद जनवरी, 2026 में इन निवेशकों ने सेकंडरी मार्केट में रिकॉर्ड 16,944 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की। यह अक्तूबर, 2024 के बाद से खुदरा निवेशकों की ओर से किया गया 15 माह में सर्वाधिक मासिक निवेश है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, शुद्ध निवेश का यह आंकड़ा बताता है कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और कई देशों में तनाव के बीच सेकंडरी मार्केट में व्यक्तिगत खुदरा निवेशकों की भागीदारी मजबूती से बढ़ रही है। इससे उतार-चढ़ाव के बीच भारतीय बाजार को समर्थन मिल रहा है।
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि खुदरा निवेशकों की खरीदारी में मासिक आधार पर भी बड़ी तेजी दर्ज की गई है। इस खरीदारी ने चालू वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक सेकंडरी मार्केट में हुई निकासी को कम करने में अहम भूमिका निभाई है। नतीजतन, चालू वित्त वर्ष के दौरान सेकंडरी मार्केट से शुद्ध निकासी घटकर सिर्फ 687 करोड़ रुपये रह गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, अगर प्राइमरी मार्केट के आंकड़ों को भी शामिल करें, तो व्यक्तिगत खुदरा निवेशकों का चालू वित्त वर्ष में अब तक शुद्ध निवेश 40,685 करोड़ रुपये पहुंच गया है। इसमें आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिसमें खुदरा निवेशकों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।?आंकड़े यह भी बताते हैं कि सेकंडरी मार्केट की गतिविधियों में उतार-चढ़ाव के बावजूद खुदरा निवेशकों का इक्विटी बाजार के प्रति आकर्षण बना हुआ है।?
गतिविधियों में बीच-बीच बढ़ोतरी के बावजूद प्राइमरी मार्केट एलोकेशन समेत कुल खुदरा निवेश बीते वित्त वर्ष 2024-25 के 1.59 लाख करोड़ से काफी कम रहा है। इस रुझान से पता चलता है कि व्यक्तिगत खुदरा निवेशकों ने बाजार में अपेक्षाकृत स्थिरता के समय ही पैसा लगाना जारी रखा है। साथ ही, पिछले साल की तुलना में भागीदारी बढ़ाने में ज्यादा सावधानी बरती है।
घरेलू शेयर बाजार एक दिन पहले की बड़ी गिरावट से उबरते हुए शुक्रवार को बढ़त में बंद हुए।?बैंकिंग एवं धातु शेयरों में खरीदारी, व्यापार समझौते में प्रगति को लेकर आशावाद के साथ पैक्स सिलिका में भारत की भागीदारी की खबरों से बाजार को समर्थन मिला।

Related Articles

Back to top button