राष्ट्रीय

एआई समिट में कांग्रेस के विरोध को लेकर गरमाई सियासत, भाजपा का देशव्यापी प्रदर्शन

नई दिल्ली । नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है। समिट के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकतार्ओं ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन कर कड़ी आपत्ति जताई।
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की जनता इस राष्ट्रविरोधी कृत्य के लिए कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया भारत की एआई क्षमता को सलाम कर रही है और ऐसे में एआई समिट को बदनाम करने की कोशिश देश के खिलाफ है।
बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते देश के खिलाफ प्रदर्शन करने के स्तर तक पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि एआई समिट कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय आयोजन था, और ऐसे कार्यक्रम के खिलाफ विरोध करना उचित नहीं है।
मनोज तिवारी ने यह भी दावा किया कि एआई समिट में 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और सभी ने भारत के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे वैश्विक मंच पर विरोध प्रदर्शन करना देश की छवि को नुकसान पहुंचाने जैसा है।
इस बीच, भारत मंडपम में एआई समिट के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन के मामले में गिरफ्तार किए गए भारतीय युवा कांग्रेस के चार सदस्य को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। गिरफ्तार हुए सदस्य की पहचान कृष्णा हरि, कुंदन यादव, अजय कुमार और नरसिम्हा यादव के रूप में हुई है।

Related Articles

Back to top button