रात 8 बजे तक होंगी रजिस्ट्री-रविवार को भी खुलेगा कार्यालय: आगरा में 20 फरवरी से लागू होगी व्यवस्था
आगरा । जमीन, मकान और अन्य संपत्तियों की रजिस्ट्र के लिए यदि दिन में समय नहीं मिल पा रहा है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। क्योंकि आगरा में अब 5 सब रजिस्ट्रार कार्यालयों में से एक हर दिन दोपहर 1 बजे से रात 8 बजे तक खुलेगा।
रविवार को भी एक सब रजिस्ट्रार कार्यालय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुलेगा। यह व्यवस्था 20 फरवरी से लागू होगी।
महानिरीक्षक निबंधन नेहा शर्मा ने गाजियाबाद, आगरा, लखनऊ, वाराणसी व गौतमबुद्ध नगर के सहायक महानिरीक्षक निबंधन को लेखपत्र पंजीकरण सेवा की अवधि में आंशिक विस्तार व हर रविवार को रोस्टर के अनुसार कार्यालय संचालन के निर्देश दिए हैं। कहा गया है कि 19 जिलों के सदर रजिस्ट्रीकरण कार्यालयों में समवर्ती क्षेत्राधिकार लागू किया गया है।
कुछ जिलों में रविवार छुट्?टी के कारण जरूरी दस्तावेजों के पंजीकरण में असुविधा सामने आई है। इसी क्रम में कार्यावधि में आंशिक संशोधन किया गया है। जिस सदर तहसील में दो से अधिक सब रजिस्ट्रार कार्यालय संचालित हैं, वहां एक नामित सब रजिस्ट्रार कार्यालय दोपहर एक बजे से रात 8 बजे तक खुलेगा।
इस कार्यालय में आॅनलाइन अपॉइंटमेंट का समय दोपहर एक से शाम 7 बजे तक रहेगा और पंजीकरण कार्रवाई दोपहर एक से रात 8 बजे तक होगी। शेष कार्यालय पहले की तरह से सुबह 10 से शाम 5 बजे तक संचालित होंगे। सहायक महानिरीक्षक निबंधन योगेश कुमार ने बताया-नये नियम से कार्यालय खोलने का रोस्टर बनाया जा रहा है।



