कारोबारी ने कार के अंदर खुद को गोली मारी:आगरा में घरवालों से फोन पर बोला- अब जीने का मन नहीं

आगरा । आगरा में आॅयल मिल कारोबारी ने कार के अंदर गोली मारकर सुसाइड कर लिया। मरने से पहले कारोबारी ने अपने परिवार को फोन किया। कहा कि अब मैं जीना नहीं चाहता हूं। मन भर गया है।
कारोबारी विश्वजीत ने घर से करीब 300 मीटर दूर जाकर अपनी रिट्स कार में गोली मारी। जब तक पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे तब तक कारोबारी की मौत हो चुकी थी। कार के अंदर पुलिस को तमंचा और पिस्टल मिली।
कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। उसके पास से करीब 9 हजार रुपए, शराब की बोतल और डैशबोर्ड में ब्लड जांच रिपोर्ट मिली। घटना शनिवार रात 10 बजे शास्त्रीपुरम डीपीएस के पास की है।
शास्त्रीपुरम के रहने वाले विश्वजीत (30) की आॅयल मिल थी। विश्वजीत तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। पिता अमर रजावत केनरा बैंक में बैंकिंग करसपेंडेंट हैं।
परिवार ने बताया कि विश्वजीत का एक्सीडेंट हो गया था। इसके बाद उनका इलाज चल रहा था। वह मानसिक रूप से परेशान थे। इससे पहले भी वह दो बार आत्महत्या का प्रयास कर चुका था।
एक बार वह दो मंजिला छत से कूद गया था, जबकि दूसरी बार रेलवे ट्रैक पर जाकर जान देने की कोशिश की थी।
पड़ोसी हरिओम सिकरवार ने बताया- घटना वाले दिन विश्वजीत घर से तेल मिल जाने की बात कहकर निकला था। घर से 300 मीटर दूर डीपीएस स्कूल के पास उसने अपनी कार में तमंचे से खुद को गोली मार ली। गोली सिर से पार हो गई। गोली की आवाज सुनकर स्कूल के गार्ड मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार का शीशा तोड़कर शव को बाहर निकाला। पुलिस जांच में सामने आया है कि घर में कोई लाइसेंसी हथियार नहीं है। जिस तमंचे से खुद को गोली मारी वह अवैध है।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया- शनिवार रात करीब 10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि शास्त्रीपुरम डीपीएस के पास एक कार खड़ी है। कार से गोली चलने की आवाज आई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
कार को खोलकर देखा तो अंदर एक युवक लहूलुहान पड़ा था। तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार को चेक किया तो अंदर एक पिस्टल और तमंचा मिला।




