खेल

लवलीना-अरुंधति की अगुआई में भारत का जलवा, बॉक्सम एलीट में नौ स्वर्ण पदक जीते

नई दिल्ली । ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन और पूर्व यूथ विश्व चैंपियन अरुंधति चौधरी के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने बॉक्सम एलीट इंटरनेशनल 2026 मुक्केबाजी टूनार्मेंट में जबरदस्त दबदबा बनाते हुए कुल नौ स्वर्ण पदक अपने नाम किए। स्पेन में आयोजित इस प्रतिष्ठित टूनार्मेंट में भारत ने विशेष रूप से महिला वर्ग में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। शनिवार को खेले गए मुकाबलों में भारत की सात महिला मुक्केबाजों ने फाइनल में जगह बनाई और सभी ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। 54 किग्रा भार वर्ग में तो खिताबी मुकाबला पूरी तरह भारतीय मुक्केबाजों के बीच ही खेला गया।
बॉक्सम एलीट 2026 में 20 देशों के 200 से अधिक मुक्केबाजों ने हिस्सा लिया, जो सीजन की शुरूआत में एक उच्च स्तरीय अंतरराष्ट्रीय चुनौती थी। भारत ने प्रतियोगिता में नौ स्वर्ण, तीन रजत और सात कांस्य पदकों के साथ सबसे सफल टीम के रूप में अभियान समाप्त किया। भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा, ‘ बॉक्सम एलीट ने हमें वही अंतरराष्ट्रीय अनुभव दिया जिसकी हमें इस चरण पर आवश्यकता थी। फाइनल मुकाबलों में शानदार सफलता हमारी तैयारी और कार्यक्रम की प्रगति को दशार्ती है। आने वाला वर्ष चुनौतीपूर्ण है और यह टूनार्मेंट हमारी तैयारियों के लिए बेहद अहम साबित हुआ।’
महिला वर्ग में मंजू रानी (48 किग्रा) और नीतू (51 किग्रा) ने स्पेन की मुक्केबाजों के खिलाफ एकतरफा जीत के साथ स्वर्ण पदक अभियान की शुरूआत की। इसके बाद पूनम (54 किग्रा) ने कड़े मुकाबले में अपनी साथी प्रीति को हराकर खिताब जीता। प्रिया (60 किग्रा) और अरुंधति (70 किग्रा) ने यूक्रेन की मुक्केबाजों के खिलाफ 5-0 के स्पष्ट फैसले से जीत दर्ज की। वहीं लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा) ने इंग्लैंड की मैरी-केट स्मिथ को 4-1 से हराकर अपना क्लासिक नियंत्रण और अनुभव दिखाया। नैना (80 किग्रा) ने भी यूक्रेन की राइसा पिस्कुन को मात देकर स्वर्ण पदकों की झड़ी पूरी की।
पुरुष वर्ग में सचिन (60 किग्रा) ने कनाडा के केओमा-अली अल अहमदियेह को 3-2 से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। वहीं आकाश (75 किग्रा) ने कजाखस्तान के अमान कोंसबेगॉव को करीबी मुकाबले में 3-2 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।दीपक (70 किग्रा) और अंकुश (80 किग्रा) को क्रमश: कजाखस्तान और यूक्रेन के मुक्केबाजों के खिलाफ कड़े मुकाबलों में रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

Related Articles

Back to top button