अर्जुन की छाल का पानी पीने के फायदे और सेवन का सही तरीका क्या है

आयुर्वेद में अर्जुन की छाल को बहुत फायदेमंद बताया गया है। खासतौर से दिल के लिए इसे किसी जड़ी बूटी से कम नहीं माना जाता। अर्जुन की छाल का सेवन करने से खून साफ होता है। इससे आपके पूरे स्वास्थ्य में सुधार आने लगता है। आयुर्वेद में सदियों से अर्जुन की छाल का प्रयोग औषधि के रूप में होता रहा है। आशा आयुवेर्दा की डायरेक्टर और स्त्री रोग विशेषज्ञ आयुर्वेदिक डॉक्टर चंचल शर्मा ने बताया आप घरेलू और आयुर्वेदिक नुस्खे के रूप में अर्जुन की छाल के पानी का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके सेवन से आपका शरीर अंदर से मजबूत होता है।
अर्जुन की छाल का पानी पीने के फायदे
दिल की बीमारियों में फायदेमंद- हार्ट के मरीजों के लिए अर्जुन की छाल एक टॉनिक की तरह काम करती है। इसमें कई तरह के पोषक तत्व मौजूद होते हैं जैसे फ्लेवोनॉइड्स और एंटीआॅक्सीडेंट्स। इसके सेवन से मांसपेशियां मजबूत होती हैं और कोलेस्ट्रॉल नियंत्रित रहता है। अर्जुन की छाल के पानी का नियमित सेवन करने से ब्लड सकुर्लेशन में सुधार आता है।
ब्लड प्रेशर कंट्रोल- अगर आपका ब्लड प्रेशर बहुत बढ़ा हुआ है तो आप अर्जुन की छाल की मदद से उसको नियंत्रित कर सकते हैं। इससे आपकी धमनियां रिलैक्स रहती हैं और ह्रदय पर कम दबाव पड़ता है।
पाचन तंत्र मजबूत- अर्जुन की छाल का पानी पीने से आपकी पाचन शक्ति मजबूत होती है। इसमें मौजूद कसैले गुण आपको पेट की समस्या जैसे गैस, ब्लोटिंग या एसिडिटी में राहत पहुंचाते हैं।
सूजन कम करे- अर्जुन की छाल में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं जो शरीर में होने वाले किसी प्रकार के अंदरूनी सूजन से राहत दिलाते हैं और कमजोरी दूर करते हैं। इसके सेवन से जोड़ों के दर्द में राहत मिलती है और आप शारीरिक रूप से मजबूत महसूस करते हैं।
इम्युनिटी बूस्टर- अर्जुन की छाल का पानी पीने से आपकी इम्युनिटी बूस्ट होती है और आपका शरीर रोगों से लड़ने के लिए तैयार हो जाता है। यह आयुर्वेदिक जड़ी बूटी आपके शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है, जिससे आप फ्री रेडिकल्स से लड़ पाते हैं।
हड्डियों और मांसपेशियों के लिए फायदेमंद- अर्जुन की छाल के पानी में कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे तत्व पाए जाते हैं जो आपकी मांसपेशियों और हड्डियों को मजबूती प्रदान करते हैं।
अर्जुन की छाल का पानी कैसे बनाएं?
अर्जुन की छाल का पानी तैयार करने के लिए पहले एक चम्मच अर्जुन की छाल का पाउडर ले फिर उसे 2 कप पानी में डाल दें। पानी में डालने के बाद गैस पर चढ़ाकर उसे आधा होने तक पकाएं। आधा हो जाने के बाद उसे किसी कप या गिलास में छान लें। फिर धीरे धीरे उस गुनगुने पानी का सेवन करें।
अर्जुन के छाल का पानी कितने दिन तक और कितनी मात्रा में पीना चाहिए?
विशेषज्ञों की यही सलाह रहती है कि सुबह के समय खाली पेट में अर्जुन की छाल का पानी पीना चाहिए। सुबह सुबह इसका सेवन करने से कई लाभ होते हैं। आप बिना किसी ब्रेक के लगातार 2 महीनों तक इसका सेवन कर सकते हैं। अगर आपको पहले से कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या है या आप गर्भवती हैं तो पहले किसी आयुर्वेदिक चिकित्सक से सलाह ले लें।



