मथुरा जंक्शन पर बिछड़ी 4 साल की बच्ची मिली:मिशन शक्ति टीम ने घंटों की तलाश के बाद परिजनों को सौंपा

मथुरा। मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर परिजनों से बिछड़ी चार साल की बच्ची को जीआरपी मिशन शक्ति टीम ने कई घंटे की कड़ी मेहनत के बाद सकुशल खोजकर उसके परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार स्टेशन परिसर में बच्ची अपने परिजनों से बिछड़ गई थी। काफी देर तक खोजबीन के बाद भी जब बच्ची का पता नहीं चला तो परिजनों ने जीआरपी थाने में सूचना दी।
सूचना मिलते ही मिशन शक्ति टीम सक्रिय हो गई और बच्ची की तलाश के लिए व्यापक अभियान शुरू किया गया। टीम ने मथुरा जंक्शन के सभी प्लेटफॉर्म, बुकिंग हॉल, वेटिंग रूम, मुसाफिरखाना और आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग की। यात्रियों, कुलियों और दुकानदारों से भी पूछताछ की गई।
कई घंटों की मेहनत के बाद पुलिस को बच्ची सुरक्षित अवस्था में मिल गई। महिला पुलिसकर्मियों ने उसे थाने लाकर सुरक्षित वातावरण में रखा और खाने-पीने की व्यवस्था कराई। इसके बाद उसके परिजनों को सूचना दी गई।
थाने पहुंचने पर बच्ची ने अपने माता-पिता को पहचान लिया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे सकुशल परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों ने मिशन शक्ति टीम की तत्परता और जनसेवा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।



