आगरा

भाजपा-विधायक के बेटे ने जिस टोलकर्मी को पीटा, वो लापता:घर पहुंची पुलिस तो भाई बोला- कमिश्नर के सामने आग लगा लूंगा

आगरा । आगरा के फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक चौ. बाबूलाल के बेटे सुरेश ने रायभा टोल पर कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला शांत नहीं हो रहा है। अब इस मामले में एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिस टोल कर्मी के घर पहुंची है। टोल कर्मी का भाई कह रहा है कि मेरा भाई अभी लापता है। उसे कुछ हो गया तो जिम्मेदारी पुलिस की होगी। अगर मिल गया तो मैं उसके साथ पुलिस कमिश्नर के आफिस पर आग लगा लूंगा।
मंगलवार दोपहर को आगरा के रायभा टोल पर विधायक लिखी गाड़ी पहुंची। गाड़ी में विधायक चौ. बाबूलाल के बेटे सुरेश चौधरी, उनकी पत्नी बैठी थीं। गाड़ी पर फास्टैग नहीं लगा था। गाड़ी पर वीआईपी पास लगा होने के बाद भी करीब दो मिनट तक बैरियर नहीं उठाया गया। इस पर गाड़ी से उतरकर विधायक के बेटे ने टोल कर्मचारी संजय सिंह निवासी दौरेठा आगरा के साथ मारपीट की। पूरी घटना वीडियो में कैद हो गई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले में टोल कर्मी संजय सिंह की ओर से तहरीर भी दी गई है।
सोशल मीडिया पर दूसरा वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें मकान के प्रथम तल पर एक युवक खड़ा है। वो अपने आप को टोलकर्मी संजय का भाई बता रहा है। पुलिसकर्मी गली में खडे़ हैं। युवक कह रहा है कि मुझे इस मामले में कोई बात नहीं करनी। आप बाबूलाल जी के पास भी जा सकते हैं।
पुलिस कहती है कि हम जांच करने आए हैं। युवक कहता है जांच करनी है तो टोल के सीसीटीवी कैमरे देखो। मैं योगी जी के ओएसडी से कहा चुका हूं। मैं भी संघ परिवार का हूं। शाखा कार्यवाह हूं।
5 सेकेंड गाड़ी लेट हो गई तो थप्पड़ मार देगा। मोदी जी को कहो कि ये बैरियर क्यों लगवा रखे हैं। इन लड़कों को क्यों रखा है।
युवक पुलिस से कहता है कि आप विधायक के दबाव में आए हैं। मेरा भाई अभी भी लापता है। उसके साथ कोई घटना घट गई, वो मर गया तो जिम्मेदार यूपी पुलिस होगी। अगर मेरा भाई मिल गया तो उसके साथ मिल गया तो आग लगा लूंगा कमिश्नर के सामने। कल मैं लखनऊ निकल रहा हूं। पुलिस मेरे भाई पर राजीनामा लिखवाने का दवाब बना रही है।
चौ. बाबूलाल के बेटे रामेश्वर चौधरी टोल पर जाकर गालीगलौज कर रहा है। कह रहा है कि वीडियो वायरल कर रहा हैं। कह रहे हैं कि पनवारी कांड को नहीं जानते। वो आदमी हर किसी को पीटता है तो हमें भी पीट लेगा। अगर वो जाट है तो मैं भी जाट हूं। मैं तो पूरे परिवार के साथ लखनऊ में आत्मदाह कर लूंगा।

Related Articles

Back to top button