फंदे से लटका मिला एक्टर कुणाल सिंह का शव:बाथरूम में थी गर्लफ्रेंड

बॉलीवुड एक्टर कुणाल सिंह महज 31 साल के थे, जब मुंबई के एक अपार्टमेंट में उनका शव मिला। शुरूआत में उनकी मौत को आत्महत्या माना गया, हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने पूरे केस को पलटकर रख दिया। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या माना था। उनकी मौत हत्या थी या आत्महत्या, ये जानने के लिए केस की रिपोर्ट तैयार करने वाले अककटर के पूर्व फोरेंसिक एक्सपर्ट तिरथ दास डोगरा से संपर्क किया।
29 सितंबर 1977 को कुणाल सिंह का जन्म हरियाणा में हुआ था। मॉडलिंग में पहचान बनाने के बाद कुणाल ने तमिल फिल्म कधालार धीनम (1999) से एक्टिंग डेब्यू किया था। फिल्म में उनके साथ सोनाली बेंद्रे लीड रोल में थीं। साउथ में ये फिल्म हिट रही, जिसके बाद इसकी हिंदी रीमेक फिल्म दिल ही दिल में (2000) बनाई गई, जिसमें कुणाल और सोनाली लीड रोल में रहे। ये फिल्म भी हिट रही, जिसका गाना ऐ नाजनीन सुनो न काफी पसंद किया गया था।
इन दो फिल्मों की बदौलत कुणाल सिंह को एक-एक कर कई बड़ी साउथ फिल्में मिलने लगीं। वो अनीता हंसनंदानी के साथ 2002 की फिल्म ‘वरुशामेल्लम वसंतम’ और धनुष स्टारर फिल्म ‘देवथैयाई कंदेन’ जैसी कई पॉपुलर साउथ फिल्मों का हिस्सा रहे।
साल 2007 तक कुणाल को फिल्मों में काम मिलना लगभग बंद हो गया। जो एक-दो फिल्में उन्होंने की थीं, उसमें भी उनका साइड रोल ही होता था। यही वजह रही कि कुणाल ने अपनी प्रोडक्शन कंपनी बालागिरी शुरू की। उन्होंने अपने प्रोडक्शन की पहली फिल्म योगी की तैयारियां शुरू की थीं, जिनमें उनके साथ एक्ट्रेस लवीना भाटिया लीड रोल में थीं। 2007 में फिल्म की शूटिंग शुरू हुई ही थी कि कुणाल सिंह और लवीना भाटिया की नजदीकियां बढ़ने लगीं और दोनों के अफेयर की खबरें सुर्खियों में आ गईं।
जल्द ही ये खबरें कुणाल सिंह के परिवार तक भी पहुंच गईं। कुणाल की पत्नी अनुराधा इससे बेहद नाराज हुईं। दोनों के आए दिन झगड़े बढ़ने लगे और एक रोज अनुराधा दोनों बेटियों के साथ कुणाल को छोड़कर मायके चली गईं। कुछ समय बाद लवीना भाटिया कुणाल के साथ उनके मुंबई स्थित अपार्टमेंट में आकर रहने लगीं।
कुणाल सिंह और लवीना भाटिया अपार्टमेंट में अकेले थे। देर रात लवीना ने मुंबई पुलिस को कॉल कर कुणाल की आत्महत्या की जानकारी दी। पुलिस पहुंची तो देखा कि कुणाल का शव पंखे पर लगे फंदे से लटक रहा था। लवीना पास बैठी रो रही थीं।
पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। शुरूआत में इसे आत्महत्या माना गया। पहली पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी फंदे से दम घुटने से मौत होने की संभावनाएं सामने आईं।



