मथुरा

मथुरा में युवक ने खुद ही चाकू से रेता गला, पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा

मथुरा । मथुरा में बुधवार सुबह करीब 10 बजे एक युवक ने खुद का गला रेतकर आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि युवक सड़क के किनारे खड़ा होकर गले पर चाकू से वार कर रहा है। वार करने के बाद वह सड़क पर गिर गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने उसे समझाने और बचाने की कई कोशिशें कीं, लेकिन युवक नहीं माना। इसके बाद उसने अपने गले पर फिर से चाकू से रेतने लगता है। इस दौरान वहां अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों में डर का माहौल बन गया।
वहीं, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को छाता के सीएचसी में भर्ती कराया है, जहां पर इलाज चल रहा है। हालांकि, युवक की हालत गंभीर हैं। यह घटना छाता कोतवाली थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-19 की है।
घटना में घायल युवक का नाम पंकज (35) पुत्र लक्ष्मण दास है। वह बिहार के समस्तीपुर का निवासी है, लेकिन वर्तमान में छाता में रहकर मजदूरी करता था। स्थानीय लोग बताते हैं- घटना के समय पंकज मानसिक रूप से अस्वस्थ लग रहा था।
छाता निवासी प्रत्यक्षदर्शी सतीश ठाकुर ने घटना का विवरण देते हुए बताया- मैं रास्ते से गुजर रहा था, तभी देखा कि एक युवक दोनों हाथों में चाकू लेकर अपने ही गले और शरीर पर वार कर रहा था। मैंने उसे रोकने और बचाने की कोशिश की, लेकिन उसने मुझ पर भी हमला कर दिया। युवक क्या बोल रहा था, उसकी भाषा हमें समझ नहीं आ रही थी। चाकू के वार से उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई है।
मेडिकल आॅफिसर डॉक्टर नीतू ने जानकारी देते हुए बताया- पंकज नाम का युवक गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। उसके गले पर चाकू के दो गहरे निशान थे और अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
थाना प्रभारी कमलेश सिंह ने बताया- युवक अभी अस्पताल में भर्ती है और बयान देने में असमर्थ है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवक ने आत्महत्या का प्रयास क्यों किया।

Related Articles

Back to top button