आगरा

प्रतिमा विसर्जन कर रहे 7 लड़के डूबे:2 की मौत, 4 लापता

आगरा । आगरा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। प्रतिमा विसर्जित करने नदी में उतरे 7 लड़के डूब गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर खेरागढ़ थाना प्रभारी मदन सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मदन सिंह ने वर्दी उतारकर नदी में छलांग लगा दी। भोला नाम के युवक को नदी से बाहर निकाला गया है। हालांकि उसकी हालत बेहद गंभीर है। 2 युवकों का शव और निकाला गया है। 4 अभी भी लापता हैं।
घाट पर परिवार की महिलाएं-लड़कियां मां दुर्गा की प्रतिमा पकड़कर रो रही हैं। हाथ जोड़कर मां से सलामती की प्रार्थना कर रही हैं। घटना खेरागढ़ थाना क्षेत्र की डूंगरवाला उंटगन नदी की है।
डीसीपी वेस्ट अतुल शर्मा और चेयरमैन सुधीर गर्ग भी घटना स्थल पर पहुंचे। डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी भी घटनास्थल पर आ गए हैं। उन्होंने रेस्क्यू आॅपरेशन की जानकारी ली। युवकों की तलाश में गोताखोरों को लगाया गया है।
हादसा दोपहर करीब ढाई बजे हुआ। खेरागढ़ के डूंगरवाला उंटगन नदी में बड़ी संख्या में लोग दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन करने आए थे। महिलाएं नदी किनारे रुक गईं, लेकिन युवक प्रतिमा को लेकर नदी के अंदर चले गए। तभी अचानक नदी में 7 लड़के डूबने लगे।
कुछ युवक प्रतिमा को छोड़कर बाहर आ गए। लेकिन, 6 युवक नदी के तेज बहाव में बह गए। लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन युवक तेज बहाव में दूर निकल गए। मौके पर हाहाकार मच गया। पुलिस ने रेस्क्यू आॅपरेशन शुरू किया गया। एक युवक भोला को निकाल लिया गया है। उसकी हालत गंभीर है।
लापता लोगों में सचिन महावीर (15) पुत्र रामवीर सिंह, ओके (18) पुत्र किशन सिंह, भगवती (20) पुत्र मुरारीलाल, हरेश (20) पुत्र यादव, गगन (17) और ओमपाल (19) शामिल रहे। इनमें से दो की लाश बरामद कर ली गई है। अभी भी 4 युवक लापता है।
लड़के जिस प्रतिमा का विसर्जन करने आए थे। वो नदी के बीच में छोड़ दी गई। हादसे के बाद युवकों के परिजन प्रतिमा के सामने हाथ जोड़कर सलामती के लिए प्रार्थना करते रहे। पुलिस ने उन लोगों को नदी से बाहर निकाला है।
ग्रामीणों ने रेस्क्यू में देरी का आरोप लगाते हुए रोड जाम कर दिया है। इसके बाद लोगों को समझाया जा रहा है। मौके पर 14 लोगों की टीम रेस्क्यू आॅपरेशन चला रही है।
डीसीपी वेस्ट अतुल शर्मा ने बताया- पुलिस ने विसर्जन स्थल उंटगन नदी पुल के नीचे बनाया था। यह लोग सबसे पहले दुर्गा प्रतिमा लेकर वहां पहुंचे थे। लेकिन पुलिस ने बीच नदी में जाने को मना कर दिया। जिससे वह कैला देवी जाने को कहकर लौट गए और रास्ते में ही डूंगर वाला गांव स्थित नदी किनारे विसर्जन करने पहुंचे थे। वहीं पर हादसा हुआ है। 7 से 8 युवक लापता थे। जिसमें से एक को बचा लिया गया है। दो की लाश बरामद कर ली गई है। बाकी की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button