आगरा

धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में महिला गिरफ्तार:बीमारी ठीक कराने का दावा कर झांसे में लिया

आगरा। आगरा के थाना पिनाहट पुलिस ने जबरन धर्म परिवर्तन के प्रयास के मामले में गांव उटसाना से एक महिला को गिरफ्तार किया है। उसके पास से ईसाई धर्म की पुस्तकें व साहित्य बरामद हुआ है। महिला पर क्षेत्र के लोगों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप है।
पिनाहट प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि 23 अगस्त को बनारसी द्वारा थाने पर तहरीर दी गयी कि उसकी पत्नी तीन वर्ष से बीमार है। उसका इलाज काफी अस्पतालों में कराया गया, लेकिन कोई आराम नहीं मिला। पत्नी की पहचान कुछ समय पूर्व संतोषी उर्फ मिंदर कौर से हुई थी। संतोषी ने पत्नी को प्रलोभन दिया कि ईसाई धर्म अपनाने से उसकी बीमारी दूर हो जाएगी। उस पर परिवार सहित ईसाई धर्म अपनाने को दबाव डाला।
तहरीर में बनारसी ने बताया कि 23 अगस्त को उसके घर पर भजन का कार्यक्रम चल रहा था। आसपास के लोग भी आए थे। उसी दौरान संतोषी उर्फ मिंदर कौर भी वहां आ गयी। ईसाई धर्म के भजन गाने लगी। वहां उसके द्वारा छोटी-छोटी पुस्तक भी बांट जाने लगीं। लोगों से कहा कि इन पुस्तकों के पड़ने से उनका जीवन सुखी हो जाएगा।
पुलिस ने बताया कि बनारसी की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर ग्राम उटसाना पहुंचकर संतोषी उर्फ मिंदर कौर को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से ईसाई धर्म से संबंधित डायरीनुमा पुस्तके व साहित्य बरामद हुआ है।

Related Articles

Back to top button