ट्री-गार्ड लगाकर बचाए मंत्री के लगाए पौधे-बाकी पानी में डूबे:आगरा में जहां मंत्री ने पौधा लगाया
आगरा । सरकार के आदेश पर 9 जुलाई को प्रदेशभर में पौधरोपण अभियान चलाया गया। यूपी के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने आवास विकास सेक्टर 9 स्थित पार्क में पौधरोपण किया। दावा किया गया कि आगरा में 56.40 लाख पौधे रोपे गए हैं। 24 घंटे बाद उन पौधों का क्या हुआ।
कैबिनेट मंत्री और अन्य गेस्ट के जाते ही 9 जुलाई को कर्मचारियों ने इस अभियान को अधूरा छोड़ दिया। मंत्री और अधिकारियों द्वारा रोपे गए 5 पौधों को तो ट्री-गार्ड लगाकर बचा लिया लेकिन 50% पौधे पार्क में हुए जलभराव में डूब गए। इसमें से अधिकांश खराब हो गए हैं। दरअसल, बुधवार को कार्यक्रम के समापन के 5 घंटे बाद मूसलाधार बारिश हुई। पार्क में पानी भर गया।
ऐसे में यहां पार्क के बीच में रोपे गए पौधे पानी में डूब गए। इनमें से बहुत से टूट गए। पार्क में लगाने के लिए जो हरी घास लाई गई थी, वह भी पूरी नहीं लगी है। थोड़ी सी घास लगाने के बाद बाकी बाउंड्री के किनारे रख दी है। पार्क में पौधरोपण के लिए जो पौधे लगाए गए थे, उनमे से कुछ पौधे पार्क में ही ऐसे ही रखे गए हैं। इन्हें लगाया ही नहीं गया।
पार्क के काम भी अधर में छोड़ दिए हैं। कार्यक्रम शुरू होने से दो दिन पहले से पार्क की साफ-सफाई के साथ ही इसे समतल करने का काम किया जा रहा था। मगर, कार्यक्रम होने के बाद इन्हें अधूरा छोड़ दिया। पार्क में गहरा गड्ढा नहीं भरा गया। पार्क के अधिकांश क्षेत्र में गिट्?टी और पत्थर पड़े हुए हैं।
शासन के निर्देश पर आगरा में भी 9 जुलाई को पौधरोपण महाभियान-2025 के तहत जिले के 5653 जगहों पर पौधे रोपे गए। मुख्य आयोजन आवास विकास सेक्टर 9 स्थित पार्क में हुआ। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने पाखड़ का पौधा रोपा था।
अभियान के नामित नोडल अधिकारी प्रमुख सचिव डा. हरिओम, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और एमएलसी विजय शिवहरे ने पारस पीपल के पौधे रोपे। शासन की ओर से आगरा को 54,92,800 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। मगर, स्थानीय स्तर पर 56,40,222 लाख पौधे लगाए। यानि लक्ष्य से 1,47,422 पौधे अधिक रोपे गए।