पीएम मोदी को साइप्रस का सर्वोच्च सम्मान, अब तक 20 से ज्यादा देश कर चुके सम्मानित
निकोसिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साइप्रस के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया है। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने प्रधानमंत्री मोदी को साइप्रस के सर्वोच्च सम्मान ग्रैंड क्रॉस आॅफ द आॅर्डर आॅफ मकारियोस ककक से सम्मानित किया। आॅर्डर आॅफ मकारियोस तृतीय साइप्रस की ओर से प्रदान किया जाने वाला नाइटहुड सम्मान है, जिसका नाम साइप्रस के प्रथम राष्ट्रपति आर्कबिशप मकारियोस तृतीय के नाम पर रखा गया था।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘राष्ट्रपति जी, ग्रैंड क्रॉस आॅफ द आॅर्डर आॅफ मकारियोस ककक सम्मान के लिए मैं आपका, साइप्रस सरकार का और साइप्रस के लोगों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह सिर्फ नरेंद्र मोदी का ही नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। यह उनकी क्षमताओं और आकांक्षाओं का सम्मान है। यह हमारी संस्कृति, भाईचारे और वसुधैव कुटुम्बकम की विचारधारा का सम्मान है। मैं इसे भारत और साइप्रस के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों, हमारे साझा मूल्यों और आपसी समझ को समर्पित करता हूं। मैं सभी भारतीयों की ओर से इस सम्मान को बड़ी विनम्रता और कृतज्ञता के साथ स्वीकार करता हूं। यह पुरस्कार शांति, सुरक्षा, संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और हमारे लोगों के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।’
इससे पहले मार्च में मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम ने पीएम मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘द ग्रांड कमांडर आॅफ द आॅर्डर आॅफ द स्टार एंड की आॅफ द इंडियन ओशन’ से सम्मानित किया था। यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी को भारत और मॉरीशस के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए उनके योगदान के लिए दिया गया था। मोदी इस सम्मान को प्राप्त करने वाले पहले भारतीय हैं। यह 21वां अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार था, जो प्रधानमंत्री मोदी को किसी अन्य देश द्वारा दिया गया है। इसके बाद अप्रैल में श्रीलंका की सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘श्रीलंका मित्र विभूषण सम्मान’ से सम्मानित किया था। श्रीलंका की सरकार यह सम्मान उन देशों के राष्ट्राध्यक्षों को देती है, जिनके श्रीलंका के साथ अच्छे संबंध होते हैं।
पिछले साल दिसंबर में कुवैत ने प्रधानमंत्री मोदी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया था। कुवैत के अमीर अमीर शेख मेशाल अल-अहमद अल-जबर अल सबा ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘द आॅर्डर आॅफ मुबारक अल कबीर’ से सम्मानित किया था।
नवंबर 2924 में प्रधानमंत्री मोदी को गुयाना और बारबाडोस ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया था। गुयाना ने पीएम मोदी को सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान- द आॅर्डर आॅफ एक्सीलेंस से सम्मानित किया था, वहीं बारबाडोस में पीएम मोदी को प्रतिष्ठित आॅनररी आॅर्डर आॅफ फ्रीडम आॅफ बारबाडोस सम्मान दिया गया था। डोमिनिका ने भी उन्हें हाल ही में सर्वोच्च सम्मान दिया था।
क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर उनके नेतृत्व के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 2014 से अब तक 20 से ज्यादा देशों के सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कारों समेत संयुक्त राष्ट्र का सर्वोच्च पर्यावरण पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है।
पीएम मोदी को साल 2016 में अफगानिस्तान द्वारा स्टेट आॅर्डर आॅफ गाजी अमीर अमानुल्लाह खान, फरवरी 2018 में फिलिस्तीन द्वारा ग्रैंड कॉलर आॅफ द स्टेट आॅफ फिलिस्तीन, अक्तूबर 2018 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा यूएन चैंपियन आॅफ द अर्थ अवार्ड दिया गया था। वहीं, अप्रैल 2019 में यूएई द्वारा आॅर्डर आॅफ जायद और अप्रैल 2019 में ही रूस द्वारा आॅर्डर आॅफ सेंट एंड्रयू अवार्ड से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा पीएम मोदी को जून 2019 में मालदीव से आॅर्डर आॅफ द डिस्टिंग्विश्ड रूल आॅफ इजुद्दीन, अगस्त 2019 में बहरीन द्वारा किंग हमाद आॅर्डर आॅफ द रेनेसां, दिसंबर 2020 में अमेरिका द्वारा लीजन आॅफ मेरिट, दिसंबर 2021 में भूटान द्वारा आॅर्डर आॅफ द ड्रैगन किंग और इस साल मई में फिजी द्वारा आॅर्डर आॅफ फिजी और पापुआ न्यू गिनी द्वारा आॅर्डर आॅफ लोगोहू से सम्मानित किया गया था।
वहीं, जून 2023 में मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘आॅर्डर आॅफ द नाइल’ पुरस्कार से सम्मानित किया था। यह मिस्र का सर्वोच्च राजकीय सम्मान है। मई 2023 में पापुआ न्यू गिनी द्वारा कंपेनियन आॅफ द आॅर्डर आॅफ लोगोहू, मई 2023 में कंपेनियन आॅफ द आॅर्डर आॅफ फिजी, मई 2023 में पलाऊ गणराज्य द्वारा एबाकल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।