42 घंटे बाद थमी बारिश, मौसम हुआ साफ:84 साल बाद एक दिन में हुई सबसे ज्यादा बारिश, आज भी बारिश के आसार
आगरा में 42 घंटे बाद बारिश थम गई। शुक्रवार सुबह मौसम सुहाना है। आसमान साफ है। लगातार हुई बारिश से आगरा जिले में 50 से ज्यादा जर्जर मकान और भवनों को नुकसान हुआ। 1939 के बाद गुरुवार को आगरा में एक दिन में सबसे ज्यादा बारिश हुई। पिछले तीन साल में सितंबर में जितनी बारिश हुई थी, उतनी एक ही दिन में हो गई।
आगरा में पिछले दो दिन हुई बारिश ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। शहर के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हो गए। मौसम विभाग के अनुसार 1939 में सितंबर माह में 609 मिमी बारिश हुई थी। उस साल 16 सितंबर को एक दिन में सबसे ज्यादा 286 मिमी बारिश हुई थी, जो अभी तक रिकॉर्ड है। इसके 84 साल बाद गुरुवार को आगरा में एक दिन में सबसे ज्यादा 151 मिमी बारिश हुई है। दो दिन में 200 मिमी बारिश हो गई है।
मौसम वैज्ञानिक राजेंद्र सिंह ने बताया पिछले तीन साल में सितंबर माह में जितनी बारिश हुई थी, उतनी पिछले 42 घंटे में हो गई। 2021 में सितंबर में 96.4 मिमी, 2022 में 194.95 मिमी और 2023 में 88 मिमी बारिश हुई थी। 2024 में पिछले दो दिन में ही करीब 200 मिमी बारिश हो चुकी है।
शुक्रवार को सुबह मौसम भले ही साफ है, लेकिन मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान 26 डिग्री पहुंच गया है। ठंडी हवा चल रही है। रात को लोगों को एसी बंद करने पडे़। पंखे में भी ठंडा का अहसास हुआ।
बारिश के चलते पूरे जिले में 50 से ज्यादा मकानों को नुकसान हुआ है। देहात क्षेत्र में नुकसान ज्यादा हुआ है। फतेहपुर सीकरी में 10 मकान गिर गए। दूरा गांव में मूलाराम की छत गिर गई। हरिओम का मकान भी गिर गया। गांव भड़कोल में गजेंद्र सिंह, जमीला, सुरेंद्र सिंह मूलचंद, थान सिंह आदि के मकानों को नुकसान हुआ। सबसे ज्यादा फतेहाबाद में नुकसान हुआ। यहां पर 20 से ज्यादा लोगों के मकान को बारिश से नुकसान पहुंचा।