वित्त वर्ष 2023-24 का आगाज शानदार बढ़त के साथ:नए वित्त वर्ष के पहले हफ्ते 150 स्मॉलकैप शेयरों में 53% तक तेजी, सेंसेक्स 1.4% चढ़ा
शेयर बाजार के लिए नया वित्त वर्ष 2023-24 शुभ संकेत लेकर आया है। 1 अप्रैल से शुरू चालू वित्त वर्ष के पहले हफ्ते सेंसेक्स में 1.42% और निफ्टी में 1.37% तेजी रही। इस बीच BSE का लार्जकैप इंडेक्स 1.3% चढ़ा, लेकिन स्मॉलकैप इंडेक्स में करीब 3% उछाल आया। करीब 150 स्मॉलकैप शेयर 10% से 53% तक चढ़े।
6 अप्रैल को खत्म सप्ताह के दौरान 13 स्मॉलकैप शेयरों में 25-53% तक उछाल आया। धानी सर्विसेज, नंदन डेनिम, ब्लैक रोज इंडस्ट्रीज, रामा फॉस्फेट्स और अतुल ऑटो इनमें शामिल हैं। कोटक सिक्योरिटीज के इक्विटी रिसर्च हेड (रिटेल) श्रीकांत चौहान ने कहा कि ‘निफ्टी, सेंसेक्स, स्मॉलकैप समेत सभी इंडेक्स को विदेशी फंड्स की आमद बढ़ने से सपोर्ट मिला।
रियल्टी इंडेक्स में 4% उछाल
बीते हफ्ते BSE के रियल्टी इंडेक्स में 4% से ज्यादा उछाल आया। इसके अलावा कैपिटल गुड्स इंडेक्स में 3% टेलीकॉम इंडेक्स में 2.63% तेजी रही।
विदेशी निवेशकों की वापसी
31 मार्च से 6 अप्रैल के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 1,604.56 करोड़ की खरीदारी की, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 2,272.53 करोड़ रुपए के शेयर बेच डाले। इससे पहले तक FII बिकवाल थे।
छठे दिन चढ़ा सेंसेक्स, ये चार महीनों की सबसे लंबी रैली
मुंबई | शेयर बाजार सोमवार को लगातार छठे दिन बढ़त पर बंद हुए। हालांकि सेंसेक्स सिर्फ 13 अंक चढ़कर 59,846 पर और निफ्टी 25 अंक चढ़कर 17,624 पर बंद हुआ, लेकिन ये बीते चार माह में इनकी सबसे लंबी रैली है। इस दौरान सेंसेक्स में 2,233 अंक (3.88%) और निफ्टी में 672 अंकों (3.97%) की तेजी दर्ज की गई है।