खेल समाचारताजा खबर

पंजाब के IPS अफसर के खिलाफ CBI जांच शुरू:चंडीगढ़ में SSP रहते करप्शन और दुर्व्यवहार के आरोप, इस वक्त जालंधर के CP

चंडीगढ़ के पूर्व SSP और जालंधर के कमिश्नर ऑफ पुलिस(CP) कुलदीप सिंह चहल के खिलाफ चंडीगढ़ CBI ने भ्रष्टाचार के आरोपों में जांच शुरू कर दी है। मामले में प्रारंभिक जांच शुरू की गई है। चंडीगढ़ में SSP रहते हुए भ्रष्टाचार और अनाचरण के आरोपों में यह जांच शुरू की गई है।

बता दें कि चंडीगढ़ में 3 साल का कार्यकाल पूरा होने से 10 महीने पहले ही चहल को रिपेट्रिएट (कैडर वापसी) कर दिया गया था। इसके पीछे उनके अनाचरण को कारण बताया गया था। प्रशासक बीएल पुरोहित ने उन्हें तुरंत प्रभाव से 12 दिसंबर को रिलीव करने के आदेश जारी किए थे।सूत्रों के मुताबिक प्रशासक बीएल पुरोहित द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर यह जांच शुरू की गई है। बता दें कि वर्ष 2009 बैच के IPS अफसर चहल ने 29 सितंबर, 2020 में SSP चंडीगढ़ का कार्यभार संभाला था। इससे पहले वह मोहाली के SSP थे।

अनाचरण की शिकायत पर हटाया गया था
बीते 14 दिसंबर को पंजाब के राज्यपाल पुरोहित द्वारा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेटर जारी कर कहा था कि चहल के खिलाफ गंभीर अनाचरण की शिकायत आई थी। विश्वसनीय सूत्रों से इसका पता लगाया गया था। जिसके बाद चंडीगढ़ के SSP की पोस्ट से चहल को हटाने के फैसले को लेकर पंजाब के चीफ सेक्रेटरी से 28 नवंबर, 2022 से बात की गई थी। इसके साथ ही चंडीगढ़ के SSP के लिए 3 योग्य IPS अफसरों का पैनल भेजने को कहा गया था।

एक मॉल में फूड कोर्ट खाली करवाने में रोल
वहीं सूत्रों के मुताबिक प्रशासक पुरोहित द्वारा अनाचरण के आरोपों में चहल को हटाने जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। सूत्रों के मुताबिक चहल के खिलाफ आरोपों में से एक आरोप उन पर निजी रूप से बड़े मॉल में फूड कोर्ट को खाली करवाने से जुड़ा है। वहीं एक प्रभावशाली व्यक्ति के खिलाफ यौन-शोषण के मामले में FIR दर्ज न किए जाने के मामले में भी चहल की भूमिका संदिग्ध थी। वह चंडीगढ़ के एक बड़े शॉपिंग मॉल का सीनियर एग्जीक्यूटिव था। इसके अलावा एक घर में गैरकानूनी रूप से कब्जे के मामले में भी चहल की भूमिका संदिग्ध थी।

पंजाब में कोई पोस्टिंग नहीं दी गई थी
चंडीगढ़ से पंजाब रिपेट्रिएट होने के बाद कई दिनों तक उनकी कहीं पोस्टिंग नहीं की गई थी। इसके बाद उन्हें DIG रैंक के तहत 21 जनवरी को जालंधर का कमिश्नर ऑफ पुलिस तैनात किया गया। बता दें कि बीते 26 जनवरी को जालंधर में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित मुख्य मेहमान के रूप में पहुंचे थे। उससे पहले चहल 2 दिन की कैज़ुअल लीव लेकर चले गए थे और कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।

Related Articles

Back to top button