मथुरा में डग्गेमार बसों का अवैध संचालन:रोडवेज कर्मचारी संघ ने आरटीओ-पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाया

मथुरा। मथुरा में डग्गेमार बसों के अवैध संचालन के खिलाफ रोडवेज कर्मचारी संघ ने विरोध प्रदर्शन किया। भूतेश्वर बस स्टैंड पर हुए इस प्रदर्शन में संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि निजी बसें सरकारी रोडवेज बसों के रंग और डिजाइन की नकल कर रही हैं। इससे यात्री भ्रमित होकर निजी बसों में सवार हो जाते हैं, जिससे सरकार के राजस्व को नुकसान हो रहा है।
रोडवेज कर्मचारी संघ के शाखा अध्यक्ष श्यामवीर सिंह ने आरटीओ मथुरा और स्थानीय पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि रोडवेज बस स्टैंड के सामने ही डग्गेमार बसों का खुलेआम संचालन हो रहा है। ये बसें रोडवेज के निर्धारित कलर-कोड का उपयोग कर यात्रियों को गुमराह कर रही हैं, जिससे रोडवेज बसों को सवारियां नहीं मिल पा रही हैं और विभाग को आर्थिक नुकसान हो रहा है। श्यामवीर सिंह ने आरोप लगाया कि यह सब आरटीओ विभाग और पुलिस की मिलीभगत से हो रहा है।
श्यामवीर सिंह के अनुसार, डग्गेमार बसों के कारण रोडवेज विभाग को हर महीने लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित विभागों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने आरटीओ विभाग और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और अवैध बस संचालन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
रोडवेज कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि डग्गेमार बसों के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई नहीं की गई और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संघ का कहना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते कदम नहीं उठाया, तो अवैध बस संचालन और बढ़ सकता है।




