मथुरा

वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के फ्लैट में लगी भीषण आग: शीशे तोड़कर आग बुझाई गई

मथुरा। मथुरा के वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के फ्लैट में आग लग गई। शनिवार रात 11 बजे धुआं निकलते देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने फ्लैट से निकल बाहर भागे। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक फ्लैट में रखा सामान जलकर राख हो गया।
घटना के वक्त प्रेमानंद महाराज 2 किमी दूर केलिकुंज आश्रम में थे। श्रीकृष्ण शरणम् सोसाइटी के जिस फ्लैट में आग लगी, वहीं से एक महीने पहले महाराज पदयात्रा करते थे। लेकिन, एक महीने पहले वह फ्लैट छोड़कर आश्रम में शिफ्ट हो गए हैं। अब उनके सेवादार फ्लैट में रहते हैं।
श्रीकृष्ण शरणम् सोसाइटी में रहने वाले लोगों ने बताया- श्रीकृष्ण शरणम् सोसाइटी का फ्लैट नंबर 212 संत प्रेमानंद महाराज के नाम पर अलॉट है। फ्लैट के अंदर से रात 11 बजे धुआं उठने लगा। प्लास्टिक जलने की बदबू आ रही थी। बाहर निकलकर देखा तो प्रेमानंद महाराज के फ्लैट से आग की लपटें दिखीं। लोग फ्लैट से निकलकर भागने लगे। बिल्डिंग के नीचे भीड़ जमा हो गई।
फ्लैट में रहने वाले लोगों ने संत प्रेमानंद महाराज के केलिकुंज आश्रम में फोन करके आग लगने की सूचना दी। थोड़ी ही देर में प्रेमानंद महाराज के शिष्य और सेवादार पहुंच गए। वे आग बुझाने के काम में जुट गए। बगल के फ्लैट में रहने वाले लोगों ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां पहुंचीं। फ्लैट का शीशा तोड़कर धुआं बाहर निकाला गया।
फ्लैट नंबर 309 में रहने वाले चेतन लवानियां ने बताया- प्रेमानंद महाराज के फ्लैट में आग लगने से अन्य फ्लैटों में रहने वाले लोग परेशान हो गए। उन्होंने मदद के लिए अपने परिचितों को फोन किया। उनकी मदद के लिए पूर्व पार्षद और बिल्डर तुलसी स्वामी आए। इसी बीच मीडियाकर्मी भी पहुंच गए और वीडियो बनाने लगे। इस पर प्रेमानंद महाराज के शिष्य भड़क गए। पार्षद और मीडियाकर्मियों के फोन छीन लिए और उनके साथ अभद्रता की।

Related Articles

Back to top button