मथुरा

यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसे के बाद जागी पुलिस: चार पहिया वाहन और बसों में चलाया सर्च आपरेशन

मथुरा । मथुरा में मंगलवार को यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण हादसे के बाद पुलिस विभाग सक्रिय हो गया है। इस दुर्घटना में 13 लोगों की जलकर मौत हो गई थी, जबकि 70 से अधिक लोग घायल हुए थे। घटना के बाद पुलिस ने देर रात यमुना एक्सप्रेसवे के मांट टोल प्लाजा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
यह हादसा मंगलवार तड़के करीब 4:30 बजे बलदेव थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 127 पर हुआ था। आगरा से नोएडा की ओर जा रही आठ बसों और तीन कारों की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद वाहनों में भीषण आग लग गई, जिससे 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। देर रात मांट टोल प्लाजा पर सीओ आशीष शर्मा और मांट थाना प्रभारी जसवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यमुना एक्सप्रेसवे की टीम के साथ मिलकर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान विशेष रूप से स्लीपर बसों की जांच की गई।
चेकिंग अभियान में बसों की फिटनेस, ओवरलोडिंग और क्षमता से अधिक सवारियां ले जाने जैसे बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित किया गया। अक्सर यमुना एक्सप्रेसवे पर चलने वाली कई स्लीपर बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाया जाता है, जिससे सड़क हादसों का खतरा बढ़ जाता है।
एसएसपी मथुरा श्लोक कुमार ने बताया कि हादसे के बाद से यमुना एक्सप्रेसवे पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और बस संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन कार्रवाइयों से भविष्य में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।

Related Articles

Back to top button