आगरा

15 साल बाद पकड़ा गया ट्रिपल मर्डर का आरोपी: सुपारी देकर करवाई थी बेटे-बहू और नातिन की हत्या, 50 हजार का इनाम था

आगरा। आगरा पुलिस ने ट्रिपल मर्डर के आरोपी को अरेस्ट कर लिया। वह 15 साल से फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी पर 50 हजार का इनाम रखा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी अलग-अलग शहरों में नाम और पहचान छिपाकर किराए के मकान में रहता था। आरोपी जब भी बाहर निकलता था तो चेहरे को ढक कर रखता था।
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि सिकंदरा थाने में 2010 में बेटे शानू, बहू आसमा और 2 साल की नाती की हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें पिता अनवर को मुख्य आरोपी बनाया गया था। अनवर ने बहू द्वारा दहेज का मुकदमा लिखवाने पर बहू-बेटे और नाती की हत्या की सुपारी दी थी।
तीनों की हत्या के बाद शव को सेप्टिक टैंक में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी अनवर और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उनको उम्र कैद की सजा हो गई है। आरोपी ने हत्या के लिए दो लोगों को सुपारी दी थी। गुलशेर और करीम उर्फ बूंदा को हायर किया था।
पुलिस ने गुलशेर को 2013 में गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन उसका साथ करीम फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी, लेकिन वो हाथ नहीं आ रहा था। उस पर 50 हजार रुपए का इनाम भी था।
डीसीपी ने बताया कि मुखबिर की सूचना के बाद करीम को सुनारी गांव के पास से गिरफ्तार किया गया है। करीम ने बताया कि वो पुलिस से छिपने के लिए अलग-अलग शहरों में पहचान छिपाकर किराए के मकान में रहता था। वो एक मकान में 8 से 10 महीने तक ही रहता था।
वो जब भी बाहर निकलता था तो चेहरे को ढक कर रखता था। उसने अलीगढ़, हाथरस और आगरा में कई ठिकाने बदले। पुलिस ने बताया कि करीम अलीगढ़ में अक्सर एक चाय की दुकान पर जाता था। वहां पर ही वो चाय पीता था।
चाय पीते समय भी वो चेहरे से कपड़ा नहीं हटाता था। यहां से ही पुलिस को मुखबिर के द्वारा उसकी जानकारी मिली थी। सोमवार को वो आगरा के सुनारी गांव में आया हुआ था। यहां पर सूचना के बाद पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया।

Related Articles

Back to top button