बांके बिहारी में मंदिर में लाइन से श्रद्धालु दर्शन करेंगे:गेट नंबर 2-3 से प्रवेश, 1-4 से बाहर निकलेंगे

मथुरा । बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश को लेकर फैसला लिया गया है। श्रद्धालुओं को अब 2 गेटों से प्रवेश कराया जाएगा और 2 गेटों से बाहर निकलेंगे। मंदिर में एक साथ भीड़ इकट्ठा नहीं होगी। अब लाइन से मंदिर में एंट्री मिलेगी और लाइन से ही भक्त दर्शन करेंगे।
श्रद्धालु गेट नंबर 2 और 3 से प्रवेश करेंगे। मंदिर में आने के बाद उनको गेट नंबर 1 और 4 से बाहर निकाला जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश गेट से भगवान के दर्शन करने के लिए आंगन तक स्टील की रेलिंग लगाई जाएगी। प्रत्येक गेट पर 3 लाइन में श्रद्धालु आएंगे और दर्शन करने के बाद बाहर निकल जाएंगे।
ये निर्णय सुप्रीम कोर्ट द्वारा बनाई गई बांके बिहारी हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी की 5वीं बैठक में लिए गए। बैठक शनिवार दोपहर बांके बिहारी मंदिर के कार्यालय में हुई।
बैठक कमेटी के अध्यक्ष इलाहाबाद हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज अशोक कुमार की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने डेढ़ घंटे तक मंदिर में की जाने वाली व्यवस्थाओं को लेकर सदस्यों के साथ चर्चा की। इससे पहले कमेटी की चौथी बैठक हुई थी, जिसमें 9 महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे।
कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि हम लोग यह सब सेवा के लिए कर रहे हैं। सेवा और दर्शनार्थियों की सुरक्षा के अलावा कोई और काम अभी नहीं है। प्रबंधन की क्या कार्रवाई होगी, पता चलेगा।
सदस्यों से कहा कि आप सभी लोगों का सहयोग चाहिए। आप सभी पूरे ब्रह्मांड में घूमते हैं। अगर आपके पास कुछ टिप्स हैं, तो बताएं हम उस पर काम करेंगे। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए कोई नया आइडिया हो तो जरूर बताएं।
बांके बिहारी के तोषखाना खोलने को लेकर कमेटी के अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि उस कमरे के बारे में चर्चा हुई। गोस्वामियों ने भी बताया कि वह रूम 45-50 वर्ष से नहीं खुला। उसमें दो बड़े ताले लगे हैं। नीचे से बड़े-बड़े चूहे आते-जाते रहते हैं।
उसके अंदर क्या है यह इस कमेटी को अभी तक नहीं मालूम है। वह कब तक बंद रहेगा, यह भी नहीं मालूम। लेकिन उसको खोलना आवश्यक है। अगर उसमें बांके बिहारी जी की कोई मूल्यवान वस्तु है तो उसको सुरक्षित और संरक्षित किया जाए।
अध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा- मंदिर में श्कढ दर्शन के नाम पर पर्ची काटने का खेल चल रहा था। कुछ लोगों ने फोटो स्टेट और अन्य तरीके से डुप्लीकेट पर्ची बनवा ली थी। इसे पूरी तरह बंद कर दिया गया है। श्कढ जो प्रोटोकॉल होगा उसके अनुसार दर्शन कराए जाएंगे।
मंदिर के समय में बदलाव भी हुआ है। गर्मियों में सुबह 7 बजे से 7:15 तक आरती। इसके बाद 12:30 तक दर्शन और फिर 12:45 तक आरती होगी। शाम को मंदिर 4:15 से 9:30 तक खुलेगा। 9:30 से 9: 45 तक आरती होगी। सर्दियों में सुबह 8 बजे से 8:15 तक आरती और दोपहर 1:30 तक दर्शन होंगे। इसके बाद 1:45 तक आरती होगी। शाम को 4 बजे से 9 बजे तक दर्शन और 9:15 तक आरती होगी।
बैठक में रिटायर्ड जिला जज मुकेश मिश्रा, जिला न्यायधीश विकास कुमार,जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह,एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह,सीओ सदर संदीप सिंह,दिनेश गोस्वामी,श्री वर्धन गोस्वामी,शैलेन्द्र गोस्वामी,प्रबंधक मुनिश कुमार आदि मौजूद रहे।