बांके बिहारी के 4 घंटे ज्यादा मिलेंगे दर्शन:हरियाली तीज पर भक्तों को सुविधा होगी, भगवान सोने- चांदी के झूले में विराजेंगे

मथुरा । वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में 4 घंटे ज्यादा दर्शन मिलेंगे। ये व्यवस्था 27 जुलाई को होगी, क्योंकि इस दिन 5 लाख भक्तों के मंदिर पहुंचने का अनुमान है। सामान्य दिनों में 1 से 1.5 लाख भक्त दर्शन करते हैं। 27 जुलाई को हरियाली तीज है, इस दिन भगवान को सोने-चांदी से बने झूले में विराजमान किया जाएगा।
हरियाली तीज वाले दिन बांके बिहारी जी को सुबह 6 बजे मंदिर के पुजारी जगमोहन (मंदिर का आंगन) में लाकर विराजमान करेंगे। फिर श्रृंगार होगा। इसके बाद सुबह 7: 45 बजे से दर्शन शुरू होंगे। दोपहर 2 बजे तक मंदिर खुला रहेगा। आम दिनों में मंदिर के कपाट दोपहर 12 बजे बंद हो जाते हैं।
हरियाली तीज पर मंदिर के पट शाम को 5 बजे खुल जाएंगे। आम दिनों में यह पट शाम साढ़े 5 बजे खुलते हैं। रात 10 बजकर 55 मिनट पर शयन आरती होगी और 5 मिनट के बाद 11 बजे पट बंद हो जाएंगे। आम दिनों में मंदिर रात साढ़े 9 बजे तक बंद हो जाता है।
हरियाली तीज पर भगवान बांके बिहारी जी की आरती के समय में भी बदलाव किया गया है। श्रृंगार आरती हर दिन की तरह सुबह 7 बजकर 55 मिनट पर होगी। वहीं राजभोग आरती दोपहर 11 बजकर 55 मिनट की जगह 1 बजकर 55 मिनट पर होगी। इसी तरह शयन आरती रात 9:25 की जगह 10: 55 पर होगी।
भगवान बांके बिहारी जी साल में सिर्फ एक बार हरियाली तीज के दिन झूले में विराजते हैं। पहले ये झूला लता-पतियों से बनता था, लेकिन साल 1947 से सोने- चांदी का झूला इस्तेमाल हो रहा है। इस झूले को सेठ हरगुलाल ने 1942 में बनवाना शुरू कराया था, जो 5 साल में बनकर तैयार हुआ था।