सूरज का सितम, देश भर में अब तक 70 मरे

नई दिल्ली

देश के ज्यादातर हिस्सों में सूरज का सितम जोरों पर है।  मौसम विभाग ने बताया कि अप्रेल माह बीते पांच वर्षों में सबसे गर्म रहा है। दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके अलावा तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, मराठवाड़ा, विदर्भ और कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों सहित उपमहाद्वीय भारत के हिस्सों में लू का प्रकोप बढऩा शुरू हो गया है। गर्मी के कारण तेलंगाना में 35 और ओडिशा में लू से 30 लोगों की मौत हो चुकी है। तेलंगाान में सरकार ने गर्म हवाओं के प्रभाव को कम करने के लिए एहतियाती उपाय करने के संबंध में सभी जिलों में अलर्ट जारी किए हैं।

पानी सहेजने का संघर्ष

टीकमगढ़. प्रदेश का बुंदेलखंड खंड क्षेत्र भीषण सूखे से जूझ रहा है। यहां हालात यह हैं कि लोग एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं। इसी की बानगी है दरयाय खुर्द जहां रघुनाथ केवट खटिया पर बैठकर नहाने को मजबूर हैं। नीचे बर्तन में गिर रहे पानी का अन्य कामों में उपयोग होगा।

21 तक पारा सामान्य से अधिक रहेगा

मौसम विभाग के अनुसार महाराष्ट्र के विदर्भ और मराठवाड़ा, तेलंगाना, रायलसीमा के हिस्सों, पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान, दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र, पंजाब और हरियाणा, ओडिशा और गंगा वाले पश्चिम बंगाल के क्षेत्र में लू जैसी स्थितियां रह सकती हैं।  12 से 21 अप्रेल के दौरान देश के ज्यादातर भागों में रात का तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। जबकि उत्तरपश्चिम भागों (राजस्थान, गुजरात, पंजाब और जम्मू कश्मीर) में तापमान सामान्य के आस पास ही रह सकता है।

ओडिशा में पारा 45 डिग्री सेल्सियस

निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट ने बताया कि अधिकांश स्थानों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक है। ओडिशा के तिटलागढ़ का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और आंध्र प्रदेश के नलगोंडा का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हैदराबाद का भी अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो 43 वर्ष में सबसे अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि राज्य के अधिकांश स्थानों पर शुष्क मौसम का असर जारी रहेगा और तापमान 42 और 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। हैदराबाद और तेलंगाना के अधिकांश स्थानों पर लू का प्रकोप अगले दो दिनों तक जारी रहने की संभावना है।