3d print से हुई फेस सर्जरी, सही हो गया दुर्घटनाग्रस्त भद्दा चेहरा

नई दिल्ली।

दुर्घटना के कारण रुक गई थी चेहरे की एक तरफ की ग्रोथ, जबड़ा भी हो गया था खराब। 3d printer की मदद से मिल गई पहली सी सूरत…

बचपन में हुई एक दुर्घटना की वजह से 20 वर्षीय लड़के के चेहरे की एक तरफ की ग्रोथ रुक गई थी। जिससे उसका चेहरा भद्दा दिखता था और जबड़ा कम खुलता था। ऊपर-नीचे के जबड़े भी आपस में ठीक से फिट नहीं हो पाते थे। जिससे उसे खाने में परेशानी होती थी। इसके चलते वह मानसिक रूप से परेशान था। काफी इलाज के बाद भी फायदा नहीं हुआ तो तीन माह पहले वह मेरे पास आया। यह केस थोड़ा अलग था। जांच के बाद मैंने पाया कि सर्जरी से इलाज संभव है। ऑपरेशन से पहले ट्रायल की जरूरत थी। इसके लिए कई अन्य डॉक्टरों के साथ मिलकर पहले नकली चेहरे पर ऑपरेशन का ट्रायल किया गया। इसमें सफलता मिलने के बाद इस सर्जरी से मरीज के जबड़े का इलाज किया गया। अब मरीज का चेहरा सामान्य दिखता है और उसका विकास भी हो रहा है।

थ्री-डी प्रिंटर से बनाया कृत्रिम जबड़ा

सीटी स्कैन रिपोर्ट के आधार पर जबड़े का डेटा लिया। डेटा के आधार पर थ्री-डी प्रिंटर की मदद से मरीज के चेहरे की तरह प्लास्टिक का जबड़ा बनाया। प्लास्टिक के जबड़े पर नकली चेहरा तैयार किया। इसी चेहरे पर ट्रायल ऑपरेशन और फिर असली चेहरे का सफल ऑपरेशन किया।

टोटल जॉइंट रिप्लेसमेंट से ठीक हुआ चेहरा

जांच में पाया गया था कि जिस तरफ के चेहरे की ग्रोथ नहीं हो रही थी उस तरफ के नीचे का जबड़ा टूट गया था। ऑपरेशन में टूटे हुए जॉइंट को बदल दिया गया ताकि विकास हो सके। इसे टोटल जॉइंट रिप्लेसमेंट कहते हैं।

सर्जरी में कारगर, थ्री-डी प्रिंट

हड्डियों के हर तरह के ऑपरेशन में थ्री-डी प्रिंट का उपयोग किया जा सकता है। थ्री-डी प्रिंटर की मदद से नकली  हड्डियों का ढांचा तैयार कर लिया जाता है। इस मॉडल पर ऑपरेशन कर हर तरह के ऑपरेशन से पहले ट्रायल किया जाता है।

– डॉ. अजॉय रॉय चौधरी प्रोफेसर एवं हैड,

ओरल मैक्सिलोफेशियल, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली