आगरा

आगरा में चार मंजिला ज्वैलरी शोरूम भरभराकर गिरा,किनारी बाजार में हुआ हादसा, आवाज सुन लोग घरों से निकले

आगरा । आगरा के थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत किनारी बाजार में गुरुवार देर रात करीब 12 बजे एक चार मंजिला ज्वैलरी शोरूम अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय पूरा बाजार बंद था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि यह घटना दिन में होती, तो भारी जनहानि और आर्थिक नुकसान हो सकता था।
बल्केश्वर स्थित सीताराम कालोनी निवासी रिंकू बंसल का किनारी बाजार में तीन मंजिला शोरूम है। इसमें चांदी के जेवरात सहित बर्तन आदि की बिक्री की जाती है। सराफ ने बताया कि उन्होंने 5 साल पहले जगह ली थी। तब से शोरूम चला रहे थे।
वह रात में शोरूम बंद करके गए थे। रात में तकरीबन 11:45 बजे शोरूम का तीन मंजिला भवन गिरने की सूचना मिली। वह घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस ने बताया कि शोरूम जिस जगह पर है, वहां घना बाजार है। कई दुकान के साथ मार्केट बने हुए हैं। शोरूम गिरने से एक अन्य दुकान भी चपेट में आ गई। उसका भी नुकसान हुआ है। आवाज सुनकर आसपास से निकलकर जा रहे लोग दहशत में आ गए थे। जिस समय घटना हुई, उस समय बाजार में अधिकतर दुकान बंद हो चुकी थीं।
मलबा सड़क पर आने की वजह से रास्ता बंद हो गया। बाद में पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पता किया। तब सराफ को सूचना दी गई। शोरूम के पीछे जमीन पर बिल्डिंग बन रही थी। हादसे की वजह पता नहीं चल सकी है। शोरूम गिरने से लाखों के नुकसान का अनुमान है। चांदी के जेवरात और अन्य सामान के भी मलबे में दबने की आशंका है।

Related Articles

Back to top button