हनुमान जी को क्या-क्या पसंद है, जानें किन चीजों से बजरंगबली होंगे प्रसन्न

हनुमान जी को संकटमोचन के नाम से भी जाना जाता है क्योंकि ये भक्तों के सारे संकट दूर कर देते हैं। कहते हैं जो भक्त सच्चे मन से बजरंगबली की उपासना करता है उसकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण हो जाती हैं और उसका जीवन सुख से भर जाता है। बजरंगबली की उपासना के लिए मंगलवार और हनुमान जयंती का दिन सबसे शुभ माना जाता है। 2 अप्रैल को हनुमान जयंती है। ऐसे में इस खास दिन पर आप जानेंगे बजरंगबली को क्या-क्या चीजें पसंद हैं और कैसे इन चीजों के माध्यम से आप उन्हें प्रसन्न कर सकते हैं।
हनुमान जी को क्या-क्या पसंद है?
हनुमान जी को भगवान राम सबसे प्रिय हैं। कहते हैं जहां भी राम नाम जपा जाता है, वहां हनुमान जी स्वयं ही खिंचे चले आते हैं।
हनुमान जी को बूंदी और शुद्ध देसी घी में बने बेसन के लड्डू सबसे अधिक प्रिय हैं। ऐसे में हनुमान जयंती पर बजरंगबली को इन चीजों का भोग जरूर लगाएं।
हनुमान जी को तुलसी अति प्रिय है, इसलिए उन्हें भोग स्वरूप तुलसी दल अवश्य अर्पित करें। पौराणिक कथाओं के अनुसार, मां सीता ने हनुमान जी की भूख शांत करने के लिए उन्हें तुलसी का पत्ता खिलाया था। कहते हैं इसी कारण हनुमान जी के भोग में तुलसी जरूर शामिल की जाती है।
पान का बीड़ा भी हनुमान जी का प्रिय भोग है। यदि आपके जीवन में संकट हैं तो बजरंगबली को कत्था-गुलकंद वाला मीठा पान अर्पण करें। इससे आपकी परेशानियां दूर हो जाएंगी।
आटे और गुड़ से बना मीठा रोट भी हनुमान जी का प्रिय भोग माना जाता है, इसलिए ज्यादातर लोग हनुमान जयंती के भोग में रोट जरूर शामिल करते हैं।
हनुमान जी को नारंगी सिंदूर और चमेली का तेल चढ़ाना बेहद शुभ माना जाता है। कहते हैं इससे हनुमान जी शीघ्र ही प्रसन्न हो जाते हैं और भक्तों को आरोग्य और बल का वरदान देते हैं।
भगवान हनुमान की पूजा में लाल गुलाब या लाल गुड़हल के फूल जरूर शामिल करें क्योंकि ये उन्हें अति प्रिय हैं।
हनुमान जी को ध्वज अति प्रिय है क्योंकि यह विजय, शक्ति, साहस और राम-भक्ति का प्रतीक है।
हनुमान जी को केवड़े का इत्र बहुत पसंद है, इसलिए इनकी पूजा के समय इसका छिड़काव जरूर करें।
सुंदरकांड का पाठ करने से हनुमान जी शीघ्र ही प्रसन्न हो जाते हैं, इसलिए संभव तो हनुमान जयंती पर इसका पाठ जरूर करें।




